साल 2025 में जिला पुलिस ने की हत्या, चाकूबाजी, अवैध नशा, चोरी जैसे अनेक गंभीर मामलो में प्रभावी कार्रवाई
फर्जी आईटी रेड, लूट व गोली कांड, सरेआम चाकू मारकर हत्या, भोयना ट्रिपल मर्डर, पुलिस कस्टडी में आरोपी की मौत सहित कई गंभीर अपराध रहे चर्चा में

धमतरी। साल 2025 में जिला पुलिस की कमान दो पुलिस अधीक्षको पहले आंजनेय वाष्र्णेय फिर सूरज सिंह परिहार के हाथो में रही। दोनो ही आईपीएस अधिकारियों ने अपराधो के रोकथाम की दिशा में बेहतर प्रयास किये। जिनमें उन्हें सफलता भी मिली। साल 2025 में जिला पुलिस ने हत्या, चाकूबाजी, अवैध नशा, चोरी जैसे अनेक गंभीर मामलो में प्रभावी कार्रवाई की। वहीं कुछ गंभीर अपराधो से जनता द्वारा पुलिसिंग पर सवाल भी उठाया गया।
चर्चित अपराधो में अर्जुनी थाना अंतर्गत ग्राम भोयना स्थित अन्नपूर्णा ढाबा में खाना खाने गए रायपुर के तीन युवको की आरोपियो ने मिलकर हत्या कर दी। इस मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे। भोयना में हुए तीन युवकों की हत्या घटना हृदयविदारक होने के साथ-साथ धमतरी जिले के आपराधिक मामलों में इस वर्ष की सबसे बड़ी घटना थी। 22 मार्च 2025 को ग्राम पोटियाडीह के पास एक चारपहिया वाहन को रोककर योजनाबद्ध तरीके से लूट की गई थी। जिसमें आरोपियों ने 20 लाख रूपये लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ा था। 31 जनवरी 2025 की रात मराठा पारा में आरोपी कुई उर्फ मोनू गोड़ और जन्मदेव सोरी ने मराठा मंगल भवन के पास शंकर ढीमर को चाकू मारकर हत्या कर दी। इस मामले में दोनों आरोपियों को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया था। 16 मार्च को बिरेझर चौकी थाना अंतर्गत ग्राम मड़ेली में तीन दोस्त गजेन्द्र साहू, देवेन्द्र साहू, डूम्मू यादव सभी चारों गौठान की ओर गए थे तभी चेतन साहू, चंदूराम साहू, द्वारिका साहू, खुशबु साहू, चंद्रिका साहू, तारिणी साहू ने मिलकर गजेन्द्र के ऊपर लकड़ी से हमला कर दिया। जिससे गजेन्द्र उर्फ बिटटु की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 16 मार्च की रात्रि 9 बजे प्रार्थी तरूण साहू अपने घर के बैठा था उसी समय भटगांव निवासी शैलेन्द्र ने उन्हें बताया कि गोकुलपुर चौक में तुम्हारे छोटे भाई टिकेश्वर को इंद्रजीत साहू ने अपने पास रखे चाकू से मारकर चोट पहुंचाया है। जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस हत्या के आरोपी इंद्रजीत साहू पिता शिवकुमार साहू 21 वर्ष गोकुलपुर वार्ड निवासी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने बीच रोड में हत्या करने के कारण वार्ड में कई दिनों तक दहशत का माहौल रहा।
फर्जी आईटी छापा, लूट व गोलीकांड में भी पुलिस को मिली सफलता
रत्नाबांधा रोड स्थित डॉ. राठौर के घर में फर्जी इनकम टैक्स रेड गिरोह में शामिल अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में पुलिस को सफलता मितली। यह घटना 17 नवंबर को हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है जिसमें घर की नौकरानी भी शामिल थी। 13 मई 2025 की रात 8:30 बजे रायपुर रोड स्थित धमतरी बरडिया ज्वेलर्स में दो नाकाबपोश व्यक्ति अंदर में घुसे और दुकान संचालक को पिस्टल दिखाकर डराते धमकाते हुए लूट का प्रयास किया। इस दौरान उनकी बेटी सामने आई तो उसके पैर में गोली चला दी। इस मामले का खुलासा 23 नवंबर को हुआ।
होली पार्टी के दौरान हत्या, अवैध संबंध की शंका ने ली जान
14 मार्च को होली के दिन पार्टी मनाने के लिए नवागांव महानदी किनारे गए दोस्त ने अपने ही दोस्त को चाकू मार दिया। आरोपी ओमप्रकाश धु्रव गोबरा नयापारा ने लोचन निषाद 19 वर्ष पर पुरानी रंजीश के चलते चाकू से हमला कर दिया था। बड़ी करेली चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। 2 अगस्त की रात्रि 12:30 बजे नहर रोड बठेना एकता अस्पताल के पास यशवंत धु्रव ने हिरेन्द्र साहू 24 वर्ष के सिर को पत्थर से कुचल कर हत्या कर दिया था। आरोपी यशवंत धु्रव को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। 24 अगस्त को प्रेम प्रसंग के चलते ग्राम हसदा के जगन्नाथ जांगड़े 67 वर्ष ने पुष्पा मारकंडे की हत्या कर दी। आरोपी को शक था कि पुष्पा का किसी अन्य के साथ संबंध है। इसलिए उन्होंने हत्या जैसे कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
घर घुसकर पत्नी को बंधक बना 6 युवको ने की पति की हत्या
1 सितंबर की रात्रि 2 बजे ग्राम भानपुरी निवासी कृतराम साहू अपने घर में सो रहे थे तभी 6 लोगों ने उनके घर में घुस कर कृतराम और उनकी पत्नी रश्मी साहू को बंधक बना लिया। आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात और नगद 5 हजार और मोबाइल फोन लूट लिये। विरोध करने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से कृतराम साहू पर हमला कर दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 4 सितंबर 2025 को ग्राम हिंछापुर में परिवारिक विवाद के चलते आरोपी सुरेश कमार ने अपनी सास जगोतीन कमार की हत्या कर दिया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 2 नवंबर 2025 को नगरी क्षेत्रांगर्तत ग्राम छिपली में सुयश उर्फ सन्नी लहरे 35 वर्ष की आरोपी कुलेश्वर विश्वकर्मा की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और तत्काल धरदबोचा।
कंकाल से खुला 7 साल पूर्व हुए हत्या का राज
फिल्मी स्टाईल में कंकाल मिलने के बाद 7 साल पुराने मर्डर का राज सामने आया। ग्राम भोयना के सेप्टिंक टैंक में 17 मई को किसी अज्ञात व्यक्ति के 7 साल पुराने खोपड़ी कंकाल को देखा गया। इस मामले में पुलिस ने खुलासा किया कि अज्ञात व्यक्ति के मानव कंकाल नंदू सोनी का है। जिसे उनके सौतेले पिता राममिलन गोड़ ने हत्या कर शव को छिपा दिया था। 25 अक्टूबर की रात ग्राम माकरदोना में मड़ाई के दौरान दामाद मुकेश विश्वकर्मा आमापारा कुराल्ठेमरी नरहरपुर निवासी ने अपने ससुर दुर्जन विश्वकर्मा के साथ मिलकर झुरातराई मगरलोड के भानुप्रताप मंडावी 24 वर्ष की धारदार हथियार से हत्या कर दिया था। मुकेश विश्वकर्मा को अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने का शक था।
लगभग सभी गंभीर अपराधो पर सफल रही सायबर सेल
साल 2025 में सायबर सेल ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए लगभग सभी गंभीर अपराधो पर सफलता अर्जित की है। एसपी सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में सायबर प्रभारी प्रदीप सिंह व उनकी टीम ने हत्या, चाकूबाजी, चोरी, अपहरण, बलवा, दुष्कर्म, लूट जैसे अन्य गंभीर अपराधो पर सफलता अर्जित करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। कई अपराधो में अन्य राज्यों में भी जाकर सायबर सेल ने आरोपियो को पकड़ा। एसपी श्री परिहार स्वयं सायबर सेल की कार्यो की सराहना कर उन्हें नम्बर वन टीम बता चुके है।
एसपी की बेहतर पुलिसिंग

एसपी सूरज सिंह परिहार ने बेहतर पुलिसिंग अंजाम दिया। चाकू बाजो पर सख्ती बरती, कई अपराधियों को जिला बदर करवाया, अवैध नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई जिसमें अवैध शराब, गांजा, हिरोईन, चिट्टा, नशीली गोलियों के कई सौदागर सलाखो के पीछे भेजे गए। सामुदायिक पुलिसिंग पर जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था बनाने में भी एसपी गंभीर रहे। सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया। गुम मोबाईल तलाश कर लौटाया गया। जागरुकता अभियान चलाया। ऐसे अनेक कार्य एसपी के मार्गदर्शन में किये गये जो पुलिसिंग को बेहतर बनाने में मद्दगार साबित हुए।


