Uncategorized

समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन हेतु टोकन जारी करने से पहले होगा भौतिक सत्यापन

किसानों के धान का पी वी एप्प के माध्यम से होगा सत्यापन, दल गठित

धमतरी- छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की प्रक्रिया 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक संचालित की जा रही है। शासन के निर्देशानुसार 08 जनवरी 2026 से टोकन जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
टोकन जारी करने से पूर्व समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार संबंधित कृषकों के पास उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन अनिवार्य किया गया है। इस कार्य हेतु विभागीय स्तर पर दल का गठन किया गया है, जिसमें नोडल अधिकारी के साथ राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को सहयोग के लिए तैनात किया गया है।
महत्वपूर्ण निर्देशों के अनुसार, पंजीकृत किसान जब टोकन जारी कराने के लिए समिति में उपस्थित होगा, तब समिति के ऑपरेटर द्वारा ऑनलाईन सोसायटी मॉड्यूल में आवेदन की प्रविष्टि की जाएगी। आवेदन की एन्ट्री होते ही संबंधित उपार्जन केंद्र के लिए प्राप्त टोकन आवेदन पी वी एप्प के माध्यम से नोडल अधिकारी के मोबाइल में स्वतः प्रदर्शित हो जाएगा। पी वी एप्प में जानकारी प्रदर्शित होने के पश्चात नोडल अधिकारी एवं दल द्वारा किसान के पास उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन के दौरान धान की मात्रा क्विंटल में दर्ज की जाएगी तथा किसान के पास उपलब्ध धान के तीन फोटो पी वी एप्प के माध्यम से अनिवार्य रूप से लिए जाएंगे। भौतिक सत्यापन में पाई गई मात्रा के अनुरूप ही समिति द्वारा टोकन जारी किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक उपार्जन केंद्र के लिए पूर्व से आबंटित नोडल अधिकारी की आईडी का उपयोग दल के अन्य सदस्य भी सत्यापन कार्य हेतु कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य धान उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा अवैध धान की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!