Uncategorized

2024 की तुलना में 2025 में कम हुए 841 अपराध, आई 35 प्रतिशत की कमी

लूट, नकबजनी, चोरी, बलात्कार, अपहरण, आपराधिक मानव वध, बलवा, खयानत, शीलभंग, यौन उत्पीडऩ सहित अन्य अपराधो में भी आई कमी

एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में धमतरी पुलिस की प्रभावी कार्यवाही : अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा व जनसेवा में हासिल हुई बड़ी उपलब्धियाँ
धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता – गंभीर अपराधों के त्वरित खुलासे से लेकर संगठित अपराध के खिलाफ निर्णायक कार्यवाही तक रही उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
अपराध मुक्त, सुरक्षित और शांतिपूर्ण धमतरी की दिशा में बड़ा कदम

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी सूरज सिंह परिहार के कुशल निर्देशन में वर्ष 2025 के दौरान धमतरी पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण,गंभीर अपराधों के त्वरित खुलासे, साइबर अपराध रोकथाम, संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त कार्यवाही तथा जनहित संबंधी मामलों में उल्लेखनीय सफलताएँ प्राप्त की हैं। इन कार्यवाहियों से जिले की कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। इसी संदर्भ में आज एसपी सूरज सिंह परिहार ने पुलिस लाईन रुद्री में अपना वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया और पत्रकारों से भेंटकर साल भर के पुलिस कार्यवाही एवं सफलता की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान एएसपी शैलेन्द्र पाण्डेय, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी भी उपस्थित रहे।
वर्ष 2024 में कुल 2370 अपराध प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1529 प्रकरण रह गई। इस प्रकार वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में कुल अपराधों में 35.50 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में भादवि / बीएनएस के अंतर्गत 1684 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1052 प्रकरण रह गई। वर्ष 2025 में कुल 1439 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। वर्ष 2024 में हत्या के 25 प्रकरण तथा वर्ष 2025 में भी 25 प्रकरण घटित हुए। वर्ष 2025 के सभी 25 प्रकरणों में 61 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही की गई। वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास के 15 प्रकरण दर्ज हुए थे, जबकि वर्ष 2025 में 25 प्रकरण घटित हुए।
अपराधों में कमी
वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में निम्न अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। जिसमें लूट 44.44 प्रतिशत, नकबजनी 43.51 प्रतिशत, चोरी 45.71 प्रतिशत, बलात्कार -21.95 प्रतिशत, अपहरण 23.52 प्रतिशत, आपराधिक मानव वध 66.66 प्रतिशत, बलवा 20 प्रतिशत, खयानत 50 प्रतिशत, आगजनी 28.57 प्रतिशत, चोट 12.98 प्रतिशत, शीलभंग 58.60 प्रतिशत, यौन उत्पीडऩ 87.50 प्रतिशत, प्रताडऩा 83.33 प्रतिशत, उपेक्षापूर्ण कार्य से मृत्यु 15.30 प्रतिशत, अन्य भादवि, बीएनएस अपराध 49.09 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
सम्पत्ति संबंधी अपराध
वर्ष 2024 में सम्पत्ति संबंधी 258 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 150 प्रकरण रह गई। इस प्रकार सम्पत्ति संबंधी अपराधों में 41.86 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई।
2025 में 71 प्रतिशत हुई बरामदगी
2025 में घटित अपराधो में पुलिस द्वारा माल बरामदी में भी बड़ी सफलता अर्जित की गई है। डकैती में 99.59 प्रतिशत, लूट में 83.24 प्रतिशत, साधारण चोरी में 76.39 प्रतिशत, नकबजनी में 53.84 प्रतिशत, कुल अपहृत सम्पत्ति 84,26,838 रूपये, कुल बरामदगी 59,74,805 रूपये है। इस प्रकार कुल बरामदगी प्रतिशत 70.90 प्रतिशत हुई है।
अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध 51 प्रकरणों में 80 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही
नारकोटिक्स एक्ट के तहत वर्ष 2024 में 35 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में प्रभावी कार्यवाही करते हुए 51 प्रकरणों में 80 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। इस प्रकार 31.37 प्रतिशत अधिक कार्यवाही की गई है। गांजा के 35 प्रकरणों में 44 आरोपी गिरफ्तार कर 43 किलो 561 ग्राम गांजा (कीमत 5,14,370 रूपये ) जप्त किया गया। नशीली दवाइयाँ के 6 प्रकरणों में 14 आरोपी गिरफ्तार कर 5669 नग कैप्सूल, टैबलेट (कीमत 38,502 रूपये एवं बिक्री रकम 33,370 रूपये) जप्त किया गया। हेरोईन के 10 प्रकरणों में 22 आरोपी गिरफ्तार कर 28.58 ग्राम हेरोईन (कीमत2,66,400 रूपये एवं बिक्री रकम 72,690 रूपये) जप्त किया गया।
आम्र्स एक्ट के अंतर्गत 39 प्रकरणों में 41 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही
वर्ष 2024 में आम्र्स एक्ट के तहत 30 प्रकरण दर्ज किए गए थे, जबकि वर्ष 2025 में 39 प्रकरणों में 41 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही कर बटंची, चाकू, तलवार एवं अन्य धारदार हथियार जप्त किए गए। इस प्रकार 23.07 प्रतिशत अधिक कार्यवाही की गई।
अवैध शराब के 304 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही
आबकारी एक्ट के तहत वर्ष 2025 में 287 प्रकरणों में 304 आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 1313.4 लीटर अवैध शराब (कीमत 4,58,175 रूपये) जप्त की गई।
गुम बालक बालिका
वर्ष 2024 में जिले में कुल 90 बालक-बालिकाएं गुम हुई थीं, जिनमें से 87 बालक-बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब किया गया। वहीं वर्ष 2025 में 62 बालक-बालिकाएं गुम हुईं, जिनमें से 51 बालक-बालिकाओं को दस्तयाब किया जा चुका है। जिले में लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान के सकारात्मक प्रभाव से न केवल बालक-बालिकाओं के गुम होने की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है, बल्कि गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी में भी सुधार हुआ है। अर्थात जिले में गुम बालक-बालिकाओं की संख्या में लगभग 31 प्रतिशत की कमी आई है, जो कि लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान का सकारात्मक परिणाम है। यह अभियान बाल सुरक्षा की दिशा में जिले की एक प्रभावी एवं सराहनीय पहल सिद्ध हो रहा है।
महिला संबंधी अपराधो में आई 40.5 प्रतिशत कमी
वर्ष 2024 में महिला संबंधी अपराध कुल 301 अपराध दर्ज किया गया था। वर्ष 2025 में महिला संबंधी अपराध कुल 179 अपराध दर्ज किया गया है। इस प्रकार 122 अपराध कम हुए। वहीं वर्ष 2025 में महिला संबंधी अपराधों में लगभग 40.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
मिली 176 महिला परामर्श संबंधी शिकायतें, बचाया गया अनेक परिवारो को टूटने से
वर्ष 2024 में महिला परामर्श से संबंधित कुल 214 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। वहीं वर्ष 2025 में 176 महिला परामर्श संबंधी शिकायतें प्राप्त हुईं। इन मामलों में काउंसलिंग एवं परामर्श के माध्यम से पारिवारिक विवादों में आपसी सुलह कराई गई, जिससे अनेक परिवारों को विखंडन से बचाया जा सका। महिला परामर्श केंद्र के माध्यम से किए जा रहे संवेदनशील, प्रभावी एवं सकारात्मक हस्तक्षेप के कारण न केवल शिकायतों में कमी आई है, बल्कि पारिवारिक सौहार्द एवं सामाजिक संतुलन बनाए रखने में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त हुई है।
सड़क दुर्घटनाओं, मौतो व घायलों की संख्या में आई कमी
वर्ष 2024 एवं वर्ष 2025 जनवरी से दिसंबर तक के आकड़ो के अनुसार वर्ष 2024 में जिले में कुल 379 सड़क दुर्घटनाएँ घटित हुईं, जिनमें 196 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 403 व्यक्ति घायल हुए। वहीं वर्ष 2025 में कुल 303 सड़क दुर्घटनाएँ घटित हुईं, जिनमें 179 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 277 व्यक्ति घायल हुए। सड़क दुर्घटनाओं में 20.05 प्रतिशत की कमी आई। दुर्घटना में मृतकों की संख्या में 8.67 प्रतिशत की कमी आई। घायलों की संख्या में 31.26 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी आई। यह स्पष्ट करता है कि वर्ष 2025 में सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों से दुर्घटनाओं, मृत्यु एवं घायलों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
21,474 प्रकरणों में वसूले गए 1,33,37,300 रूपये, हुई 111.76 प्रतिशत की वृद्धि
प्रवर्तन कार्यवाही में वर्ष 2024 में कुल 7276 प्रकरणों में 28,98,800 रूपये समन शुल्क वसूला गया। 2869 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, जहाँ 21,00,200 रूपये का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार कुल 10,145 प्रकरणों में 49,99,000 रूपये की वसूली की गई। वर्ष 2025 में कुल 14,547 प्रकरणों में 80,76,100 रूपये का समन शुल्क वसूला गया। 6927 प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, जहाँ 52,61,200 रूपये का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार कुल 21,474 प्रकरणों में 1,33,37,300 रूपये की वसूली की गई। वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में प्रवर्तन कार्यवाही में 111.76 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में सख्त एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही, निरंतर जन-जागरूकता अभियानों तथा यातायात नियमों के कड़ाई से पालन के परिणामस्वरूप जहाँ एक ओर प्रवर्तन कार्यवाही में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या में प्रभावी कमी दर्ज की गई है, जो सड़क सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक एवं सराहनीय उपलब्धि है।
गंभीर अपराधों में मिली सफलता, हुआ त्वरित खुलासा
जिले में हुए गंभीर अपराधों में पुलिस को सफलता मिली। अधिकांश मामलो में पुलिस ने त्वरित खुलासा किया। सेमरा बी मारपीट पश्चात मृत्यु प्रकरण में फरार सहित कुल 5 आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए। फर्जी आयकर अधिकारी बनकर छापेमारी मामला (रत्नाबांधा रोड) मे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, कुल 13 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य महिला आरोपी भी गिरफ्तार। कुरूद थाना क्षेत्र में हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार। नगरी क्षेत्र में हत्या के मामलों का तत्परता से पटाक्षेप। सिहावा क्षेत्र में हत्या के आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी। नवागांव महानदी किनारे हत्या प्रकरण में आरोपी गिरफ्तार। अन्नपूर्णा ढाबा तिहरा हत्याकांड में कुछ ही घंटों में खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार। भानपुरी हत्या एवं लूट कांड में कुल 8 आरोपी गिरफ्तार। प्रेम प्रसंग के संदेह में हत्या में आरोपी गिरफ्तार। आपसी रंजिश में हत्या प्रकरण में आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
डकैती एवं लूट के मामलों में प्रभावी कार्यवाही
ग्राम पोटियाडीह बड़ी लूट का कुछ ही घंटों में खुलासा हुआ 6 आरोपी गिरफ्तार, लगभग 20 लाख रूपये बरामद। सिटी कोतवाली क्षेत्र में लूट के आरोपी गिरफ्तार, लूटा गया सामान एवं वाहन जब्त। अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर कुल 17 मोटरसाइकिल बरामद किया गया। मंदिरों में श्रृंखलाबद्ध चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, पूरा माल बरामद। नगरी में चोरी के मामलों में 2.65 लाख रूपये का माल बरामद। भक्ति कार्यक्रम के दौरान चोरी का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
नक्सली डम्प सामाग्री बरामद, 10 गुंडा बदमाश हुए जिला बदर
मगरलोड थाना एवं साइबर टीम द्वारा चोरी हुई कृषि ट्रॉलियाँ बरामद। 10.30 लाख रूपये का माल जब्त, 03 आरोपी गिरफ्तार। पुराने, क्लूलेस एवं अधिवर्षित मामलों के निराकरण में सफलता। भोयना गोदाम के सेप्टिक टैंक से मिले 6-7 वर्ष पुराने कंकाल प्रकरण की गुत्थी सुलझाते हुए सौतेले पिता की गिरफ्तारी। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर नक्सली डम्प बरामद करने में धमतरी पुलिस को सफलता प्राप्त हुई। दो महत्वपूर्ण अवसरों पर गुंडा-बदमाशों की परेड कराई गई तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में रहकर बेहतर जीवनयापन करने हेतु समझाइश दी गई। 13 गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध जिला बदर की कार्यवाही हेतु प्रकरण संप्रेषित किए गए, जिनमें से 10 व्यक्तियों के जिला बदर के आदेश पारित किए जा चुके हैं। वर्ष 2025 के दौरान 30 व्यक्तियों को सामाजिक गुंडा-बदमाश श्रेणी में चिह्नित कर फाइल तैयार की गई तथा 11 नए व्यक्तियों की निगरानी बदमाश फाइल खोली गई। जिले में पहली बार एक प्रकरण शस्त्र लाइसेंस नियम के उल्लंघन करने पर लायसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही की गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 3 आरोप छ: माह के लिए जेल निरुद्ध
आईजी रायपुर रेंज के निर्देशानुसार जनहित में ऑपरेशन निश्चय के तहत जिले में तीन बार विशेष अभियान चलाकर नशा विरोधी कार्यवाही की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत उषा धुरी एवं करण धुरी एवं आरती रजक को छ: माह के लिए जेल निरुद्ध किया गया है। नशा तस्करी नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार किया गया। साइबर एवं सामाजिक जागरूकता एवं नशा के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
लौटाए गए 108 गुम मोबाइल
एसपी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाकर कुल 108 मोबाइल उनके मालिकों को लौटाए गए। रोड सेफ्टी एवं हेल्मेट जागरूकता कार्यक्रम। साइबर जागरूकता रथ का शुभारंभ। गुड सेमेरिटन सम्मान, सड़क दुर्घटनाओं में मददगार नागरिकों को सम्मानित किया गया।
हुए 278 यातायात एवं नशा मुक्ति जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम, 74,641 नागरिक लाभान्वित
वर्ष 2025 में आयोजित प्रमुख जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन एवं नशा मुक्ति के उद्देश्य से जिलेभर में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूल एवं कॉलेजों में यातायात नियमों पर प्रशिक्षण, चित्रकला-स्लोगन प्रतियोगिताएं तथा छात्र-छात्राओं द्वारा जन-जागरूकता रैली। हेलमेट जागरूकता रैली एवं यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं पर नुक्कड़ नाटक। व्यावसायिक वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा, बस, ट्रक एवं स्कूल बस चालकों-परिचालकों का प्रशिक्षण एवं वाहनों की जांच। सार्वजनिक स्थलों, ग्रामों, हाट-बाजारों, मेलों, चौक-चौराहों एवं पर्यटन स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम। यातायात चौपाल, ग्राम चौपाल, सुशासन तिहार समाधान शिविर, नशा मुक्ति अभियान के साथ जागरूकता। नि:शुल्क हेलमेट वितरण, हेलमेट पहनने वालों को प्रोत्साहन, रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाना। व्यापारी संघ, व्यवसायिक संस्थानों एवं अन्य संगठनों को यातायात नियमों की जानकारी। यातायात पुलिस द्वारा पैदल पेट्रोलिंग कर अतिक्रमण हटाने एवं समझाइश। वर्ष 2025 में कुल 278 यातायात एवं नशा मुक्ति जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 74,641 नागरिक लाभान्वित हुए।
जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है – एसपी सूरज सिंह परिहार

एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिले वासियों के लिए संदेश देते हुए कहा कि धमतरी पुलिस जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अपराधियों के विरुद्ध कड़ी और सतत कार्यवाही जारी रहेगी। जनसहयोग, आधुनिक पुलिसिंग और तकनीकी साधनों के उपयोग से अपराध नियंत्रण को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अपराधो के नियंत्रण व रोकथाम में आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि आसपास घटित हो या संदिग्ध व्यक्ति प्रतीत हो तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे। इससे अपराधो के रोकथाम होगी।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!