राज्य स्तरीय मंच पर ग्राम दर्री का गौरवपूर्ण सांस्कृतिक मंचन

धमतरी। आरंग महोत्सवं के भव्य राज्य स्तरीय मंच पर ग्राम दर्री के लिए यह क्षण अत्यंत गौरव, सम्मान और आत्मगौरव से परिपूर्ण रहा, जब श्री स्वतंत्र बाल समाज नाट्य मंडली, ग्राम दर्री ने अपनी अनुपम एवं भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति राजा मौरध्वज उर्फ शेर का भोजन का प्रभावशाली मंचन किया। यह नाटक केवल एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, भक्ति और आस्था की उस महान परंपरा का जीवंत चित्रण था, जिसने दर्शकों को आरंभ से अंत तक भाव-विभोर कर दिया। सशक्त अभिनय, सजीव एवं ओजपूर्ण संवाद, सधा हुआ निर्देशन तथा लोक संस्कृति से ओत-प्रोत भावनात्मक प्रस्तुति ने दर्शक दीर्घा को मंत्रमुग्ध कर दिया। आरंग महोत्सव जैसे प्रतिष्ठित आयोजन में यह ऐतिहासिक अवसर दयाराम साहू (पूर्व महामंत्री, प्रदेश साहू संघ, छत्तीसगढ़) के विशेष प्रयासों, मार्गदर्शन एवं सहयोग से संभव हो सका। इस उत्कृष्ट प्रस्तुति को कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायकगण, निगम-मंडल, बोर्ड, आयोग के अध्यक्षगण तथा कला जगत के प्रख्यात विद्वानों से विशेष सराहना एवं सम्मान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि में दशरथ साहू 80 वर्ष का ब्यास कवि के रूप में योगदान अत्यंत प्रशंसनीय रहा। जिनका इस उम्र में बिना चश्मा, बिना दांत के, रागों के गहन जानकार होने के कारण उन्होंने न केवल कलाकारों का मार्गदर्शन किया, बल्कि दर्शक दीर्घा को रागों की जानकारी देकर तालियों की गूंज के साथ प्रस्तुति को विशेष सम्मान भी दिलाया।
