डीपीएस धमतरी में 77वां गणतंत्र दिवस देशभक्ति के उत्साह के साथ मनाया गया
जगदीश बर्मन, क्षेत्रीय अधिकारी, सीबीएसई तथा धीरज राधेश्याम अग्रवाल, चेयरमैन, डीपीएस धमतरी रहे अतिथि

धमतरी। दिल्ली पब्लिक स्कूल, धमतरी में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत गर्व, देशभक्ति एवं उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में मनाया गया। इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि जगदीश बर्मन, क्षेत्रीय अधिकारी, सीबीएसई तथा विशिष्ट अतिथि धीरज राधेश्याम अग्रवाल, चेयरमैन, डीपीएस धमतरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के आत्मीय स्वागत के साथ हुआ, जिसमें जनजातीय समूह द्वारा प्रस्तुत जीवंत बस्तर लोकनृत्य ने सभी का मन मोह लिया। इसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, राष्ट्रगान गाया गया तथा मधुर ध्वज गीत की प्रस्तुति हुई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित मार्च पास्ट ने एकता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रीय भावना का सशक्त प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता को दर्शाते हुए युगल गीत, तानाजी नृत्य, संबलपुरी नृत्य, कथक नृत्य, जूनियर एवं सीनियर विद्यार्थियों के समूह गीत तथा ऊर्जावान एरोबिक्स प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने करतल ध्वनि से सराहा। उद्बोधन सत्र में प्राचार्य डॉ. नितिन कुमार शर्मा, निदेशक धीरज अग्रवाल तथा मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संविधानिक मूल्यों को अपनाने एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का भी आयोजन किया गया, जिसमें शैक्षणिक उपलब्धियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं एवं 12वीं के टॉपर्स, डीपीएस किड्स के प्रतिभाशाली विद्यार्थी, उपस्थिति, अनुशासन, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य आयोजनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त वाइल्ड विजडम ग्लोबल चैलेंज, स्वर संगीत महोत्सव, राष्ट्रीय गणित दिवस तथा टेबल टेनिस, कुडो, कराटे और रूबिक क्यूब जैसी खेल प्रतियोगिताओं में विजेता विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। 100 प्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार श्रीमती श्रद्धा मिश्रा को प्रदान किया गया। वहीं विद्यालय में दीर्घकालीन एवं समर्पित सेवा के लिए शैलेश बाजपेयी एवं समीर श्रीवास्तव को उनके उल्लेखनीय कार्यकाल पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यार्थियों आरुषि झवंर, परी वाधवानी, अक्षिता सिंघल एवं लक्ष्मी पवार द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक श्री रोहित कुमार, सतप्रीत सिंह धनजल एवं श्रीमती अर्शिता शर्मा रहे। धन्यवाद ज्ञापन रोहित कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।

