Uncategorized

कोलियारी–खरेंगा सड़क निर्माण का विधायक ओंकार साहू ने किया निरीक्षण

धमतरी विधायक ओंकार साहू ने कोलियारी से खरेंगा तक निर्माणाधीन सड़क का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा की समीक्षा की। यह सड़क निर्माण कार्य पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार द्वारा स्वीकृत है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुदृढ़ सड़क सुविधा प्रदान करना है।निरीक्षण के दौरान विधायक ओंकार साहू ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, बेस वर्क, डामरीकरण एवं तकनीकी मानकों की जानकारी ली। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार ही किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। विधायक ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विधायक साहू ने कहा कि कोलियारी–खरेंगा मार्ग क्षेत्र के किसानों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, कृषि उपज के परिवहन में समय और लागत की बचत होगी तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य को तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।निरीक्षण के दौरान सड़क की चौड़ाई, जल निकासी व्यवस्था एवं भविष्य में सड़क की टिकाऊ क्षमता को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया। विधायक ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सभी स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है और वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!