Uncategorized

मेधावी बेटियों ने बढ़ाया जिले का मान, कलेक्टर ने किया सम्मान

धमतरी- रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी बेटियां सम्मान कार्यक्रम के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शासकीय विद्यालयों की मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली प्रथम तीन-तीन छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शासकीय विद्यालयों की बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। यह सफलता उनके निरंतर परिश्रम, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा में निवेश समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है,तथा जिला प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता, समान अवसर और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10वीं में मोक्षिका साहू (शा. उ. मा. विद्यालय पचपेड़ी) ने 97.33 प्रतिशत, भूमिका साहू (शा. उ. मा. विद्यालय सिलौटी) ने 97.00 प्रतिशत एवं नैना कोसले (शा. उ. मा. विद्यालय भांठापारा) ने 96.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं कक्षा 12वीं में हेमीन (शा. उ. मा. विद्यालय कन्या कुरूद) ने 93.40 प्रतिशत, लीन साहू (स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल, कुरूद) ने 92.60 प्रतिशत तथा मुश्कान (शा. उ. मा. विद्यालय कन्या कुरूद) ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने छात्राओं को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और सतत अध्ययन पर विशेष ध्यान देने की सलाह देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, डिप्टी कलेक्टर कल्पना ध्रुव, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती जगरानी एक्का और जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षकगण एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!