निर्माणाधीन मकानों में छड़, केबल सहित अन्य सामानों की हो रही चोरी
रायपुर रोड पर बन रहे कुछ मकानो में आये दिन हो रही चोरी, ज्यादातर नाबालिग चोरी को दे रहे अंजाम
बीती रात्रि मौके से पकड़ा गया था एक चोर, फिर साथियों के साथ हुआ फरार

धमतरी। सूने मकानों में कीमती सामानों की चोरी के साथ ही अब चोर अधूरे मकानो में भी चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है।
रायपुर रोड पर मित्तल रेसीडेंसी के पीछे व श्याम मंदिर क्षेत्र के आसपास निर्माणाधीन कुछ मकानों में लगातार चोरी की वारदात हो रही है। रात के अंधेरे व सूनेपन का फायदा उठाकर चोर मकान में प्रवेश करते है और छड़ केबल वायर मशीन के कुछ सामानो की चोरी कर फरार हो जाते है। जिससे मकान मालिक परेशान हो चुके है। कुछ मकान मालिक द्वारा यहां सीसीटीेवी कैमरे भी लगवाए गए है जिनमें चोरी के कुछ फूटेज भी कैद हुए है हालांकि मुंह छुपाकर आने वाले चोरो के चेहरे फूटेज में स्पष्ट नहीं है।
बीती रात्रि भी रायपुर रोड निर्माणाधीन मकान में चोरी की वारदात हुई। रात्रि लगभग डेढ़ बजे श्री श्याम मंदिर के पुजारी पानी पीने उठे थे तभी उन्हें पास के निर्माणाधीन कुछ मकानों में हलचल दिखाई दी। जिसके पश्चात उन्होने परिचित दो मकान मालिकों को इसकी सूचना दी वे तत्काल कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचे लोगों को आते देख 7-8 चोर भागने लगे उनमें से एक चोर को पकड़ लिया गया। जिसके पश्चात वह भी धक्का देकर मौके से फरार हो गया। इसके पश्चात रात में कंट्रोल रुम में फोन कर सूचना देने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नहीं लग पाया। अब मकान मालिकों में चोरी की दहशत है। अब तक उनके हजारों रुपये का नुकसान चोर कर चुके है।
15 से 18 साल के है लड़के, नशे की लत बना रही चोर
मकान मालिकों ने बताया कि उनके घरो में घुसने वाले चोर ज्यादातर 15 से 18 साल के लड़के है। जो 7 से 8 के झुंड में निर्माणाधीन मकान में घूसते और चोरी करते है उनकी फूटेज व बीती रात्रि आंखो देखी से स्पष्ट हो रहा कि वे टीनेज नाबालिग है और नशे की लत के चलते चोरी को अंजाम दे रहे है। वे अपने साथ कटर जैसी बड़़ी कैंची साथ लेकर आते है ताकि केबल व वायर को आसानी से काट सकें।
पेट्रोलिंग बढ़ाने और मामले को गंभीरता से लेने की मांग
मकान मालिकों द्वारा मांग की गई है कि रायपुर रोड मुख्य मार्ग पर पेट्रोलिंग वाहन घुमती है लेकिन भीतरी क्षेत्रो में भी पेट्रोलिंग हो तो इससे चोरो में दहशत होगी। बताया जा रहा है कि कुछ मकान मालिक द्वारा पूर्व में कोतवाली पुलिस को मौखिक रुप से चोरी की वारदात लगातार होने की सूचना दी गई थी। साथ ही चोरो का फूटेज भी दिखाया था लेकिन इसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजन चोरो के हौसले और बुलंद हो रहे है। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेने की मांग मकान मालिकों ने की है।
”रायपुर रोड निर्माणाधीन मकानों में चोरी रोकने पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। साथ ही लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्यवाही भी की जाएगी। ÓÓ
अभिषेक चतुर्वेदी
सीएसपी धमतरी

