धमतरी के ग्राम भानपुरी निवासी तरुण कुमार किरण बने आईएएस अधिकारी
कहा मां खिलेश्वरी किरण पिता जामलसिंह साहू के संघर्षो व संस्कार से मिली प्रेरणा
वर्तमान में सहायक आयुक्त कमर्शियल टैक्स व वाणिज्यकर में ओएसडी के पद पर है पदस्थ

धमतरी। धमतरी जिला मुख्यालय से लगे ग्राम भानपुरी निवासी तरुण कुमार किरण के लिए आईएएस अवार्ड पारित किया गया है। वर्तमान में राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी के रुप में कार्यरत है।
छत्तीसगढ़ को 9 आईएएस अफसर मिले हैं। मंगलवार को डीओपीटी ने राज्य प्रशासनिक सेवा के सात अधिकारियों को आईएएस अवार्ड पारित करने का आदेश जारी किया। डीओपीटी कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय (कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग) ने अन्य सेवा वर्ग के दो अफसरों के आईएएस अवार्ड पर मुहर लगा दी है। डीओपीटी द्वारा जारी आदेश पर गौर करें तो अन्य सेवा वर्ग से ऋषभ कुमार पराशर व तरूण कुमार किरण के लिए अवार्ड आईएएस अवार्ड पारित किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है। तरुण कुमार को कर प्रशासन, राजस्व संग्रहण और कर अनुपालन जैसे मुद्दों पर अच्छा अनुभव है। आईएएस में प्रमोशन मिलने के बाद वे राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि श्री किरण ग्राम भानपुरी निवासी भाजपा नेत्री खिलेश्वरी किरण व जालमसिंह साहू के पुत्र हैं। उनकी प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा पहली से दसवीं तक सरस्वती शिशु मंदिर धमतरी में हुई। 11 वीं और 12 वीं नूतन स्कूल में पढऩे के बाद बीएससी स्नातक शासकीय पीजी कॉलेज धमतरी से की। फिर पीएससी की तैयारी में जुट गए। कई परीक्षाओं में टॉप में रहे तरुण कुमार किरण ने चर्चा के दौरान कहा कि शुरु से उनकी मां खिलेश्वर किरण व पिता जालमसिंह साहू के संघर्षो और संस्कार से उन्हें जीवन में कुछ अच्छा करने व लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे की प्रेरणा मिली। जिस पर वे निरंतर मेहनत करते रहे। वे लगातार परीक्षा देते थे और लगभग सभी में टॉप में रहे। सबसे पहले पटवारी की परीक्षा दी जिसमें टॉप में रहे। 2011 में फूड इंस्पेक्टर में वह फिर से टॉप पर रहे। 2013 के पीएससी में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी बने। उसके बाद 2014 में पीएससी में वाणिज्य कर में आए वर्तमान में सहायक आयुक्त कमर्शियल टैक्स के अलावा वाणिज्य कर में ओएसडी के पद पर पदस्थ हैं। अब आईएएस अधिकारी के रुप में सेवाएं देंगे। तरुणकुमार किरण के आईएएस अवार्ड पारित होने पर समस्त जिला गौरान्वित महसूस कर रहा है। श्री किरण ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निंरतर प्रयास करें सफलता अवश्य मिलेगी। असफलता से घबराए नहीं, निराश न हो लगन और जज्बे के साथ और भी ज्यादा मेहनत करें। निश्चित ही सफलता मिलेगी।
माता-पिता ने किया प्रोत्साहित, हमेशा आगे बढऩे की दी प्रे्र्ररणा
तरुण कुमार किरण ने कहा कि बचपन से ही उनकी माता खिलेश्वरी किरण व पिता जालमसिंह साहू ने उन्हें प्रोत्साहित किया हमेशा आगे बढऩे की प्रेरणा दी। उन्हें कभी हतोत्साहित होने नहीं दिया। उनकी इस सफलता का श्रेय उनके माता पिता को ही जाता है। वे हमेशा उनके साथ खड़े रहे उनका मार्गदर्शन किया। ज्ञात हो कि श्रीमती खिलेश्वरी किरण गायत्री परिवार से सालों से जुड़ी हुई है साथ ही भाजपा में भी विभिन्न पदों पर रहकर सक्रिय रही है। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ ही सामाजिक जिम्मेदारियों का भी उन्होने बेहतर निर्वहन किया है।



