Uncategorized

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत निर्मित सड़क का गुणवत्ता निरीक्षण, सुधार हेतु 15 दिवस की समय-सीमा निर्धारित

धमतरी – प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत वर्ष 2021-22 में धमतरी जिले में निर्मित सड़क T-10 सकरी–परस्टी से धुमा पी डब्लू डी मेनरोड तक के मार्ग का आज गुरुवार को गुणवत्ता निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में राज्य गुणवत्ता समन्वयक श्री हरिओम शर्मा एवं अधीक्षण अभियंता, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण (परियोजना मंडल रायपुर) कमल साहू उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय गुणवत्ता निरीक्षक द्वारा पूर्व में दिए गए सुधारात्मक निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। स्थल परीक्षण में पाया गया कि कुछ बिंदुओं पर आवश्यक सुधार कार्य लंबित है। इस पर संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप 15 दिवस की समय-सीमा के भीतर समस्त सुधार कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि सड़क के नियमित संधारण (मेंटेनेंस) कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा मार्ग की टिकाऊपन और यातायात सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। सड़क की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण दल द्वारा चेतावनी दी गई कि निर्धारित समयावधि में सुधार कार्य पूर्ण नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित ठेकेदार की बैंक गारंटी के नगदीकरण की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों को सर्व-ऋतु सड़कों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे आवागमन सुगम हो, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले तथा ग्रामीण अंचलों के नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बाजार जैसी मूलभूत सुविधाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य संपादित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!