भखारा-भठेली नपंमें सुरक्षा को लेकर बड़ी पहल: सार्वजनिक स्थलों व मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे शुरू
अध्यक्ष ज्योति हरख जैन की निधि का सदुपयोग

नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख द्वारा अपनी निधि का सदुपयोग करते हुए भखारा एवं भठेली के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, प्रवेश द्वारों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं, जिनका संचालन प्रारंभ हो चुका है।
इस योजना के तहत रामपुर रोड स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास, भठेली स्वागत द्वार, पुराना बाजार चौक, बस स्टैंड, मंडी रोड तथा मुख्य मार्गों के अन्य प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इन कैमरों के माध्यम से नगर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की रिकॉर्डिंग निगरानी की जा रही है, जिससे अपराधों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार एवं आपात स्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति हरख जैन ने कहा कि नगरवासियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि नगर की बढ़ती गतिविधियों और जनसंख्या को देखते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से निगरानी व्यवस्था आवश्यक हो गई थी। इसी उद्देश्य से निधि का उपयोग कर चरणबद्ध तरीके से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इन कैमरों की सतत मॉनिटरिंग के लिए जनभागीदारी का सहयोग भी लिया जा रहा है, ताकि व्यवस्था प्रभावी और पारदर्शी बनी रहे।
अध्यक्ष ने आगे कहा,यह केवल निगरानी की व्यवस्था नहीं, बल्कि नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास स्थापित करने की पहल है। जनसहयोग से ही नगर को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाया जा सकता है।
नगर के कई नागरिकों एवं पुलिस विभाग ने इस पहल की सराहना की है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार एवं बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में कैमरे लगने से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगेगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी सुरक्षा मिलेगी। वहीं युवाओं एवं आम नागरिकों ने इसे आधुनिक नगर की दिशा में सकारात्मक कदम बताया है।
नगर पंचायत द्वारा आगामी समय में आवश्यकता के अनुसार अन्य प्रमुख स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना बनाई जा रही है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र में सुरक्षा का दायरा और अधिक मजबूत किया जा सके।


