Uncategorized

ग्राम छाती की 67 एकड़ शासकीय भूमि के अवैध अधिग्रहण के संबंध में विधायक ओंकार साहू से मिले ग्रामीणजन

धमतरी। विकासखंड धमतरी अंतर्गत ग्राम पंचायत छाती की 67 एकड़ शासकीय भूमि के मुद्दे को लेकर ग्राम के ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि विधायक ओंकार साहू से मुलाकात कर अपनी चिंता व्यक्त की। इस संबंध में सरपंच श्रीमती दानेश्वरी यादव द्वारा पूर्व में भी शिकायत प्रस्तुत की गई थी, जिस पर विधायक ने गंभीरता से संज्ञान लिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त भूमि के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा बिना ग्राम पंचायत एवं ग्रामवासियों की सहमति के विभिन्न प्रयोजनों जैसे औद्योगीकरण, कोल्ड स्टोरेज, बैंक भूमि बैंक स्थापना आदि के लिए हस्तांतरण हेतु दबाव डाले जाने की जानकारी मिली है। साथ ही, भूमि को विभाजित कर खसरा क्रमांक 744/37 के नाम से संचालक उद्योग संचालनालय, छत्तीसगढ़ को हस्तांतरित किए जाने की प्रक्रिया पर भी आपत्ति जताई गई।
विधायक ओंकार साहू ने कहा कि पंचायत राज व्यवस्था संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है और ग्राम पंचायत की भूमि से संबंधित किसी भी निर्णय में ग्रामसभा की सहमति अनिवार्य है। यदि पंचायत राज अधिनियम की अनदेखी कर प्रशासनिक स्तर पर मनमाने या असंवैधानिक आदेश जारी किए जा रहे हैं, तो यह न केवल निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन है बल्कि ग्रामीणों की भावनाओं की भी उपेक्षा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्राम छाती की भूमि पर कोई भी निर्णय विधिसम्मत प्रक्रिया, पारदर्शिता और ग्रामसभा की अनुमति के बिना स्वीकार्य नहीं होगा। विधायक ने आश्वासन दिया कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर पर भी विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा।विधायक ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि पंचायत राज अधिनियम एवं संविधान सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों के साथ समुचित संवाद स्थापित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की दबावपूर्ण कार्रवाई से बचा जाए।अंत में विधायक ओंकार साहू ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों की रक्षा हेतु हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा और पंचायत के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!