Uncategorized

मुख्यमंत्री , उपमुख्यमंत्री जल्द आयेंगे धमतरी,300 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे मेगा लोकार्पण-भूमिपूजन

हाईटेक बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, स्टेडियम,नालंदा परिसर, चौपाटी और सड़कों के चौड़ीकरण समेत कई बड़े प्रोजेक्ट होंगे शुरू

धमतरी। धमतरी के विकास को नई रफ्तार देने वाली बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा अतिशीघ्र धमतरी प्रवास पर आकर करीब 250 से 300 करोड़ रुपये के बहुप्रतीक्षित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इस संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज हो गई हैं और धमतरी में उत्साह का माहौल है।
महापौर रामू रोहरा के लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि धमतरी को एक साथ इतने बड़े विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओ पी चौधरी ने धमतरी के लिए जिन प्रमुख योजनाओं को मंजूरी दी है, उनमें हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण, अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑडिटोरियम, नालंदा परिसर का विकास, आकर्षक चौपाटी निर्माण और शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण शामिल है।
इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी, बल्कि धमतरी की पहचान एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में स्थापित होगी। यातायात व्यवस्था में सुधार, सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा और नागरिक सुविधाओं में विस्तार जैसे कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
महापौर रामू रोहरा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर धमतरी आने का आमंत्रण दिया था। विधानसभा सत्र के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी आने का आश्वासन भी दिया था, जिसके बाद अब उनके जल्द आगमन की तैयारी की जा रही है।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य शीघ्र ही धमतरी पहुंचेंगे और इन सभी विकास कार्यों की शुरुआत कर धमतरी को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का मार्ग प्रशस्त करेंगे।

Ashish Kumar Jain

Editor In Chief Sankalp Bharat News

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!