Uncategorized

धमतरी में अवैध प्लॉटिंग पर सख्त हुए विधायक ओंकार साहू, सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का किया निरीक्षण

धमतरी। शहर के आसपास तेजी से बढ़ रही अवैध प्लॉटिंग की शिकायतों के बीच विधायक ओंकार साहू ने एकता हॉस्पिटल नहर पार के आगे स्थित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौंकाने वाले तथ्य सामने आने की बात कही।
विधायक ने पाया कि सिंचाई (एरिगेशन) विभाग की सरकारी जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा सुनियोजित तरीके से अवैध प्लॉटिंग की तैयारी की जा रही है। मौके पर लगभग 1 किलोमीटर तक अवैध रूप से मुरूम बिछाकर सड़क जैसी संरचना तैयार कर ली गई है, जिससे प्लॉटिंग को बढ़ावा दिया जा सके।
इसके साथ ही नहर के पार ड्रिप सिस्टम लगाए जाने की जानकारी भी सामने आई, जो इस पूरी गतिविधि के व्यवस्थित और योजनाबद्ध होने का संकेत देता है। भारी हाइवा वाहनों की आवाजाही से नगर निगम द्वारा निर्मित केनाल रोड भी जर्जर होने की स्थिति में पहुंच गया है, जिससे आम जनता को भी परेशानी हो रही है।विधायक श्री साहू ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात कही और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जिले में चल रही सभी अवैध प्लॉटिंग की व्यापक जांच कर भू-माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता की मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके और उन्हें किसी प्रकार की ठगी या नुकसान का सामना न करना पड़े।
विधायक ने यह भी कहा कि इस गंभीर मुद्दे को कई बार अधिकारियों और माननीय मंत्री तक पहुंचाया जा चुका है, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से इस मामले को सार्वजनिक करते हुए प्रशासन से तत्काल सख्त कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान विधायक ओंकार साहू ने कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप भी लगाया और कहा कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
आम जनता की मेहनत की कमाई को इस तरह जोखिम में डालना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध प्लॉटिंग पर तुरंत रोक लगनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, थाना प्रभारी, पटवारी, नगर निगम के इंजीनियर एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मौके पर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर , आकाश गोलछा पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शहर , विशु देवांगन , गुरुगोपाल गोस्वामी पूर्व जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस , योगेश मार्कण्डे, हेमलाल बंजारे , धर्मेंद्र पटेल , रोहित जगत , दिनेश साहू , योगेश्वर साहू , छत्रपाल साहू , होरीलाल ओझा , धर्मेंद्र साहू , सुनील नागवंशी , दीपक सोनकर , ओंकार सोनवानी , हरीश नाग , छत्रपाल साहू , रोमनलाल ढीमर , कृष्ण लहरें , साथ में बड़ी संख्या लोग उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!