Uncategorized

रामनवमी पर निकाली जाएगी भव्य शोभायात्रा, बैठक में विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा


धमतरी। राम नवमी आयोजन समिति द्वारा नगर के समस्त संस्थाओं, समितियों एवं सर्व समाज के सदस्यों की बैठक गुजराती धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में शोभायात्रा को और अधिक भव्य, आकर्षक एवं अनुशासित बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखते हुए नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर भव्य स्वागत, सजावट एवं सेवा व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की। साथ ही किन-किन वार्डों से डीजे, जुलूस, झांकियां एवं अखाड़ा पार्टी शामिल होंगे, इस विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शिव चौक से डीजे जुलूस निकाला जाएगा, जो शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा विभिन्न वार्डों की झांकियां भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी, वहीं अखाड़ा पार्टियां पारंपरिक कला एवं शौर्य प्रदर्शन से श्रद्धालुओं का मन मोहेंगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं, ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके। बैठक के उपरांत पिछले वर्ष शोभायात्रा के सफल आयोजन में विभिन्न वार्डों में सहयोग देने वाले सेवकों का सम्मान किया गया। उन्हें मोमेंटो, श्रीफल एवं श्रीराम दुपट्टा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान शिव चौक को भी विशेष सम्मान प्राप्त हुआ। आयोजन समिति ने लोगों से अपील की है कि वे इस अवसर पर बढ़-चढ़कर भाग लें और रामनवमी शोभायात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!