नक्शा प्रोजेक्ट से बदलेगा धमतरी का शहरी स्वरूप, अधिकार अभिलेख वितरण की तैयारी तेज
अधिकार अभिलेख से सशक्त होंगे नागरिक, धमतरी में नक्शा प्रोजेक्ट की समीक्षा

धमतरी, 09 अप्रैल 2026/ शहरी भूमि अभिलेखों के अद्यतिकरण, नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा तथा सुव्यवस्थित शहरी नियोजन के उद्देश्य से शासन द्वारा संचालित ‘नक्शा प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत नगर पालिक निगम धमतरी को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी पहल के तहत नगर के 40 वार्डों को 12 क्लस्टरों में विभाजित कर राजस्व विभाग, निगम अमले एवं सर्वेयरों के माध्यम से विस्तृत सर्वेक्षण कार्य कराया जा रहा है।
प्रोजेक्ट के अंतर्गत प्रत्येक संपत्ति का भौतिक सत्यापन कर अद्यतन अभिलेख तैयार किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में संपत्ति विवादों में कमी आएगी तथा नागरिकों को अपने मकान, दुकान एवं संस्थानों के स्पष्ट अधिकार अभिलेख प्राप्त हो सकेंगे। यह पहल शहर के सुनियोजित विकास, कर संग्रहण में पारदर्शिता तथा आधारभूत सुविधाओं के बेहतर विस्तार में भी सहायक सिद्ध होगी।
कलेक्टर के निर्देशानुसा कलेक्ट्रेट सभागार में आयुक्त नगर पालिक निगम एवं नोडल अधिकारी, नक्शा प्रोजेक्ट श्रीमती प्रिया गोयल ने दल प्रभारियों के कामकाज की समीक्षा की ।बैठक में कार्यों की प्रगति, सर्वेक्षण की गुणवत्ता तथा क्षेत्रीय स्तर पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
इस दौरान दायित्वों का निर्वहन नहीं करने वाले एवं बैठक में अनुपस्थित रहने वाले निगम के 3 इंजीनियरों, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों के विरुद्ध “कारण बताओ नोटिस ” जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी दल प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में सर्वे दल द्वारा किए जा रहे कार्यों की सतत निगरानी करें तथा दैनिक प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।
आयुक्त, नगर निगम श्रीमती प्रिया गोयल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजनता में नक्शा प्रोजेक्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके लिए वार्डवार शिविर आयोजित कर नागरिकों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर अधिकार अभिलेख प्रविष्टि की प्रक्रिया को तेज किया जाए। साथ ही एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सर्वेक्षण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने हेतु नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विजिट तथा तकनीकी सहयोग को और सुदृढ़ किया जाएगा। डिजिटल माध्यमों के उपयोग से अभिलेखों को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
आयुक्त नगर निगम द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे सर्वे दल का सहयोग करते हुए आवश्यक दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतिलिपि शिविर स्थल पर उपलब्ध कराएं और अपने संपत्तियों का अधिकार अभिलेख दर्ज कराएं, ताकि शहर का त्रुटिरहित एवं अद्यतन राजस्व अभिलेख तैयार किया जा सके।
यह प्रोजेक्ट न केवल नागरिकों को उनके संपत्ति अधिकारों के प्रति सशक्त बनाएगा, बल्कि धमतरी शहर को एक व्यवस्थित, पारदर्शी एवं आधुनिक शहरी प्रशासन की दिशा में अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।