Uncategorized

युवा उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष वाहन रथ रवाना

धमतरी-जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराने हेतु 24 एवं 25 अप्रैल को युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया जाएगा। यह उत्सव युवाओं के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट परिसर से युवा उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष वाहन रथ रवाना हुआ । इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेन्द्र ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती कल्पना, जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। यह प्रचार वाहन जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को आयोजन की जानकारी देगा और उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करेगा।युवा उत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें नृत्य, गायन, खेलकूद, वाद-विवाद, क्विज, चित्रकला एवं नाट्य प्रस्तुति शामिल हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम इस उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेंगे, जो युवाओं को अपनी कला और संस्कृति से जोड़ने का अवसर प्रदान करेंगे।24 अप्रैल को आयोजित छत्तीसगढ़ी संगीतमय संध्या में प्रसिद्ध कलाकार आरु साहू अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा (राजिम) एवं रायपुर का चर्चित आवाज क्रांति बैंड अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं 25 अप्रैल को लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘लल्लनटॉप’ के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी का प्रेरणादायक सत्र आयोजित होगा, जिसमें वे युवाओं को करियर, मीडिया एवं समसामयिक विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। इसके पश्चात बस्तर का लोकप्रिय “वायरा बैंड” अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से समापन को यादगार बनाएगा।
जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं से इस महोत्सव में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को मंच देने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!