मंडी उपनिरीक्षक परीक्षा: कठिन सवालों ने कराई दिमागी कसरत, कड़े पहरे के बीच संपन्न हुई परीक्षा

धमतरी। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित मंडी उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को धमतरी जिले में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। प्रदेश के 200 रिक्त पदों के लिए आयोजित इस परीक्षा को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा गया, हालांकि प्रश्नपत्र के कुछ पेचीदा सवालों ने अभ्यर्थियों को पसीने ला दिए। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित था। जहां अधिकांश प्रश्न सरल और सीधे थे, वहीं कुछ खंडों में पूछे गए प्रश्नों का स्तर काफी कठिन था। परीक्षार्थियों के अनुसार, इन कठिन सवालों के सही उत्तर खोजने के लिए उन्हें काफी ‘दिमागी कसरतÓ करनी पड़ी। धमतरी जिले में परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक पुख्ता इंतजाम किए थे। कुल 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए। जिसमें 9,813 अभ्यर्थियों की बैठक व्यवस्था की गई थी। जिसमें 6,874 छात्र उपस्थित हुए। वहीं 2,939 छात्र अनुपस्थित रहे। सुरक्षा और नियम के चलते बेल्ट और जूते-मोजे भी उतरवाए गए। व्यापमं के सख्त प्रोटोकॉल के कारण केंद्रों पर सुरक्षा का कड़ा पहरा रहा। नकल रोकने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमों का गंभीरता से पालन किया गया। अभ्यर्थियों को मोबाइल के साथ-साथ जूते, मोजे और कमर के बेल्ट पहनकर भीतर जाने की अनुमति नहीं थी। प्रवेश से पहले ही इन सामानों को बाहर उतरवा लिया गया। अभ्यर्थियों को मूल पहचान पत्र और निर्धारित ड्रेसकोड का पालन करने पर ही कक्ष में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहने से पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक और पारदर्शी तरीके से पूरी हुई। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चली। इस दौरान बढ़ते पारे और उमस ने परीक्षार्थियों की एकाग्रता की परीक्षा ली। कई केंद्रों पर लगे पंखे भीषण गर्मी के आगे बेअसर साबित हुए, जिससे छात्रों को पसीने से तर-बतर होकर पेपर हल करना पड़ा। अभ्यर्थियों का कहना है कि जहां करियर बनाने की होड़ में सवालों ने चुनौती दी, वहीं मौसम की मार ने परीक्षा के अनुभव को और भी कठिन बना दिया। अब सभी को मॉडल आंसर और रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार है।
