धमतरी में जनगणना कार्य जारी, निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने लिया जायजा
समय-सीमा में गंभीरता से कार्य पूरा करने के दिए निर्देश, घर-घर जाकर हो रहा सर्वे

धमतरी। शहर में चल रहे जनगणना कार्य का नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने प्रगणकों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर किए जा रहे सर्वे कार्य को देखा और प्रगणकों से फॉर्म भरने की प्रक्रिया, डेटा एंट्री और नागरिकों के सहयोग के बारे में जानकारी ली। आयुक्त ने प्रगणकों को निर्देशित किया कि जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता और सटीकता के साथ तय समय-सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े शासन की योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए एक भी परिवार छूटना नहीं चाहिए। कोई भी जानकारी अधूरी या गलत दर्ज न हो इसका विशेष ध्यान रखें। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि जनगणना दल के आने पर सही और पूरी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि परिवार के सभी सदस्यों का नाम, उम्र, शिक्षा, व्यवसाय आदि की जानकारी देना जरूरी है। डेटा पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के लिए होगा। नगर निगम क्षेत्र में वार्डवार टीमों का गठन कर जनगणना का कार्य किया जा रहा है। प्रगणक टैबलेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल एंट्री कर रहे हैं। मकान सूचीकरण के साथ-साथ परिवार के सदस्यों की जानकारी एकत्र की जा रही है। आयुक्त ने बताया कि कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। रोजाना प्रगति रिपोर्ट ली जा रही है। किसी भी तरह की समस्या आने पर प्रगणक तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें ताकि समय पर समाधान हो सके।
