Uncategorized

कलेक्टर ने प्रदेश में एडवांसमेंट इंडेक्स 2.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर ग्राम पंचायत मंदरौद और ग्राम पंचायत खम्हरिया के सरपंच को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

धमतरी – कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स 2.0 के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान ग्राम पंचायत मंदरौद, जनपद पंचायत कुरूद को गरीबी मुक्त एवं उन्नत आजीविका पंचायत श्रेणी में 94.48 (ए+) अंक प्राप्त कर पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान हासिल करने पर ग्राम पंचायत के सरपंच श्री भीकम राम लहरे एवं सचिव श्री डेर हू राम यादव को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत खम्हरिया, जनपद पंचायत धमतरी को स्वस्थ पंचायत श्रेणी में 91.33 (ए +) अंक प्राप्त करने पर सरपंच श्रीमती प्रकृति यादव को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गजेंद्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती श्रीमती इंदिरा देहारी, एसडीएम धमतरी एवं कुरूद सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स केवल आंकड़ों का मूल्यांकन नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास की वास्तविक तस्वीर प्रस्तुत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मंदरौद एवं खम्हरिया ने जनभागीदारी, पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। कलेक्टर ने कहा कि जब पंचायत स्तर पर योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होता है, तब उसका सीधा लाभ ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार के रूप में दिखाई देता है। उन्होंने अन्य ग्राम पंचायतों से भी इन पंचायतों के कार्यों से प्रेरणा लेने की अपील की।
ग्राम पंचायत मंदरौद के सरपंच भीकम राम लहरे ने अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए बताया कि पंचायत में आजीविका संवर्धन, स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन, ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ने, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा नियमित ग्राम सभा के माध्यम से लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत की पूरी टीम और ग्रामीणों के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हो सकी।
ग्राम पंचायत मंदरौद के सचिव डेरहू राम यादव ने बताया कि पंचायत में योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग, समय-समय पर समीक्षा तथा हितग्राहियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत ने गरीबी उन्मूलन एवं आजीविका उन्नयन को प्राथमिकता बनाकर कार्य किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।वहीं ग्राम पंचायत खम्हरिया की सरपंच श्रीमती प्रकृति यादव ने बताया कि पंचायत में स्वच्छता, टीकाकरण, पोषण, पेयजल व्यवस्था एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों को लगातार प्राथमिकता दी गई। आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य विभाग और पंचायत के संयुक्त प्रयासों से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा बेहतर परिणाम प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे ग्रामवासियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!