Uncategorized

डूबान क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था बहाल, क्रेडा ने त्वरित सुधार कर सोलर पंप किया चालू

धमतरी- राज्य शासन के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में जिला प्रशासन सतत सक्रिय है। इसी क्रम में विकासखंड धमतरी के ग्राम कोसमी (डूबान) में जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रेडा द्वारा स्थापित सोलर ड्यूल पंप के अकार्यशील होने की जानकारी प्राप्त होने पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल सुधार कार्य सुनिश्चित कराया।
कलेक्टर मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्रेडा विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों के परिपालन में क्रेडा जिला कार्यालय धमतरी के जिला प्रभारी तुलसी राम ध्रुव के मार्गदर्शन में फील्ड अमले ने 11 मई 2026 को मौके पर पहुंचकर तकनीकी परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अकार्यशील पंप को निकालकर नया स्पेयर पंप स्थापित किया गया, जिसके पश्चात संयंत्र को पुनः पूर्णतः कार्यशील कर दिया गया।सोलर आधारित जलापूर्ति प्रणाली के पुनः सुचारू होने से ग्रामवासियों को शुद्ध पेयजल की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हो सकी है। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया।क्रेडा जिला कार्यालय द्वारा बताया गया कि विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं से संबंधित मांगों एवं शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाता है, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके। डूबान क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाकों में पेयजल व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभाग लगातार निगरानी और मेंटेनेंस कार्य कर रहा है।संयंत्र के निरीक्षण एवं मेंटेनेंस कार्य में जिला प्रभारी तुलसी राम ध्रुव, उप अभियंता गितेश कुमार सिन्हा, मैकेनिक धनेन्द्र कुमार देवांगन, ओमकार साहू सहित फील्ड स्टॉफ यशवंत देशलहरे, गैंद लाल साहू, देवेन्द्र मारकण्डे एवं खमेश्वर साहू का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!