नीट पेपर लीक के विरोध में एन एस यू आई का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री एवं शिक्षा मंत्री का किया पुतला दहन
छात्रों को न्याय नहीं मिला तो किया जाएगा उग्र आंदोलन- राजा देवांगन

धमतरी- नीट 2026 परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक के विरोध में एन एस यू आई द्वारा गांधी मैदान धमतरी में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी निर्मित हुई, लेकिन कार्यकर्ता छात्रों के भविष्य और न्याय की मांग को लेकर डटे रहे।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और अपने माता-पिता के सपनों के साथ नीट जैसी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन बार-बार हो रहे पेपर लीक ने छात्रों का विश्वास तोड़ दिया है। 2015 के ए आई पी एम टी , 2024 के नीट और अब 2026 में फिर पेपर लीक होना देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने मांग की कि एन टी ए को तत्काल भंग किया जाए, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें तथा पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए। साथ ही प्रभावित छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य सहायता, निशुल्क कानूनी सहायता एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
एनएसयूआई ने कहा कि यह केवल परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि लाखों छात्रों के भविष्य और उनके परिवारों के विश्वास का प्रश्न है। यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।इस दौरान प्रमुख रूप से शुभम साहू विजेंद्र रामटेके गीतराम सिन्हा संजू साहू नमन बंजारे पारस मणि साहू नोमेस सिन्हा तेज प्रताप साहू सुदीप सिन्हा प्रीतम सिन्हा फैजान रजा सोहेल रजा विप्लव रणसिंह यस चंद्राकर उदय गुरू रोशन कवर संजू नेताम प्रीतम नेताम हिमांशु ध्रुव सहित दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
