ग्राम कसावाही (डूबान) के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर महापौर रामू रोहरा से की मुलाकात
महानदी जलाशय से पाइपलाइन एवं मिनी फिल्टर प्लांट की मांग, महापौर ने जल जीवन मिशन में शामिल कराने का दिया आश्वासन

धमतरी- ग्राम कसावाही (डूबान) के ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में लगातार बनी हुई पेयजल समस्या, निस्तारी एवं सिंचाई संबंधी परेशानियों को लेकर महापौर श्री रामू रोहरा से सौजन्य मुलाकात की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के मौसम में गांव में पेयजल संकट गंभीर रूप ले लेता है, जिससे आमजन सहित किसानों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीण प्रतिनिधिमंडल ने महापौर के समक्ष मांग रखी कि लीटर रीकेशन चावटबांट तक महानदी जलाशय से कसावाही गांव (4 कि.मी) तक पाइपलाइन विस्तार किया जाए, ताकि गांव के लोगों को स्थायी रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। साथ ही गांव में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु मिनी फिल्टर प्लांट स्थापित किए जाने की भी मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि इस योजना के लागू होने से गांव में पेयजल, निस्तारी एवं सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
महापौर रामू रोहरा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि आम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम कसावाही की इस महत्वपूर्ण मांग को शासन की जल जीवन मिशन योजना में शामिल कराने हेतु आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित विभाग से चर्चा कर जल्द सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर ग्राम कसावाही की सरपंच श्रीमती सुमन मंडावी, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष रतनलाल कोर्मारा, पूर्व ग्राम अध्यक्ष नारद कोर्राम, ग्राम विकास समिति कोषाध्यक्ष डीगन लाल मेश्राम, गंगरेल भाजपा मंडल सदस्य रूपराम मंडावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।