भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रशिक्षण महाअभियान में सरकार की उपलब्धियों पर दिया वकतव्य
सरकार की योजनाओं के सशक्त दूत बनें भाजपा कार्यकर्ता - रंजना साहू

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत बालोद जिला में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस के शुभारंभ सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना डीपेंद्र साहू शामिल हुईं। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण अभियान केवल संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित, जनसेवा और सुशासन के मूल भाव से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार और राज्य की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की भाजपा सरकार जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, हर घर जल योजना, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।