नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेसी पार्षदों ने टिप्पर खरीदी में लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
कहा बिना आरसी, इंश्योरेंस ,बिना नंबर प्लेट सड़क पर दौड़ रही निगम की कचरा टिप्पर
आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, 7 दिनों जांच, कार्रवाई नहीं होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

धमतरी। नगर निगम धमतरी में कचरा संग्रहण के लिए खरीदी गई टिप्पर गाडिय़ों में भ्रष्टाचार के आरोप निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर व कांग्रेसी पार्षदो ने लगाए है। श्री सोनकर ने बताया कि सूचना के अधिकार से मिली जानकारी के अनुसार निगम ने 2 टिप्पर गाडिय़ां बिना आरसी बुक,बिना इंश्योरेंस और बिना नंबर प्लेट के ही सड़क पर उतार दीं। इतना ही नहीं, बाजार में 16 लाख की टिप्पर को 24 लाख 75 हजार में खरीदकर प्रति गाड़ी 9 लाख का नुकसान पहुंचाया गया। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने आयुक्त प्रिया गोयल को ज्ञापन सौंपकर उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
दीपक सोनकर ने बताया कि केवल रेट ही ज्यादा नहीं लिया गया बल्कि टेंडर में डीजल टैंक 60 लीटर का मांगा गया था, पर मौके पर जांच में 40 लीटर का टैंक लगा मिला। निगम द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट का खुला उल्लंघन किया जा रहा है। 7 दिन में जांच नहीं की गई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। ज्ञापन सौंपने वालो में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, पार्षद योगेश लाल,सूरज गहरवाल, सुमन सोमेश मेश्राम,पूर्णिमा गजानंद रजक, भागी ध्रुव, रामेश्वरी कोसरे शामिल रहे।