सुशासन तिहार 2026 : जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में धमतरी जिला प्रशासन की प्रभावी पहल
अब तक 8500 से अधिक संख्या में आवेदनों का निराकरण

धमतरी। प्रदेश शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया लगातार प्रभावी ढंग से संचालित की जा रही है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सभी विभाग आमजन की समस्याओं एवं मांगों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। जिले के विभिन्न विभागों, नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, तहसील कार्यालयों तथा शासकीय संस्थाओं में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की प्रगति से स्पष्ट है कि प्रशासनिक अमला आमजन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों में राजस्व प्रकरण, आधारभूत सुविधाओं से संबंधित मांगें, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य वितरण, विद्युत, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, नगरीय सेवाएं तथा विभिन्न प्रमाण पत्रों से जुड़े आवेदन प्रमुख रूप से शामिल हैं। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कुल 11 हजार 621 आवेदन दर्ज किए गए, जिनमें से 8500 से अधिक संख्या में आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। विभिन्न विभागों द्वारा गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निराकरण कार्य किया जा रहा है।