सहकारिता भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है – डॉ दीक्षित

धमतरी। जिला सहकारी संघ धमतरी द्वारा नवीन पंजीकृत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित बाजार कुर्रीडीह में 25 मई को एक कार्यशाला का आयोजन ग्राम पंचायत भवन ग्राम – बाजार कुर्रीडीह में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पैक्स बाजार कुर्रीडीह के प्राधिकृत अधिकारी गुणेश वैष्णव, जिला सहकारी संघ के प्राधिकृत अधिकारी सीपी साहू, प्रवक्ता डॉक्टर ए एन दीक्षित, ग्राम पटेल बरबांधा किशोर मरकाम सहित बड़ी संख्या में कृषक व ग्रामीण जनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉक्टर दीक्षित ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए देश के अर्थव्यवस्था के सभी क्षेत्रों का समुचित विकास आवश्यक है। सहकारिता भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार है। कृषि, पशुपालन, वनोपज संग्रहण, मत्स्य पालन, हाथकरघा के क्षेत्र में सहकारी समितियों की भूमिका सर्वविदित है। केंद्रीय सहकारिता मंत्री ने सहकार से समृद्धि का जो अभियान घोषित किया है, उसमें एक महत्वपूर्ण मंत्र है- सभी गांवों को सहकारिता की परिधि में लाना इसके लिए देश में दो लाख नई सहकारी समितियों के गठन का लक्ष्य रखा गया। इसी परिप्रेक्ष्य में 15 अप्रैल 2026 को हमारे प्रदेश में 515 नई प्राथमिक सहकारी समितियों की स्थापना की गई। इस कदम के बाद धमतरी जिले में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की संख्या 74 से बढ़कर 96 हो गई है। कार्यक्रम का संचालन संघ प्रबंधक ए पी गुप्ता एवं आभार प्रदर्शन पैक्स बाजार कुर्रीडीह के सहायक प्रबंधक रामनारायण ध्रुव ने किया।

