Uncategorized

फिल्टर प्लांट में बैकवॉश इंटरकनेक्शन का महत्वपूर्ण कार्य जारी, जल आपूर्ति व्यवस्था को किया जा रहा सुदृढ़

जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर मौके पर रहे उपस्थित,कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

धमतरी- शहर के नागरिकों को सुचारु एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नहर किनारे स्थित फिल्टर प्लांट में आज एक महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य किया गया। जल विभाग द्वारा बैकवॉश इंटरकनेक्शन का कार्य कराया जा रहा है, जो जल शोधन प्रक्रिया का एक आवश्यक हिस्सा है। बैकवॉश के माध्यम से फिल्टरों की सफाई की जाती है, जिससे पानी की गुणवत्ता बनी रहती है और नागरिकों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचता है।
फिल्टर प्लांट से शुद्ध किया गया पानी विभिन्न ओवरहेड टैंकों तक पहुंचाया जाता है, जहां से पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों में जल आपूर्ति की जाती है। आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यह कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
मौके पर जल विभाग सभापति अखिलेश सोनकर स्वयं उपस्थित रहे तथा कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जल विभाग की टीम लगातार मैदान में रहकर आवश्यक मरम्मत, रखरखाव एवं तकनीकी सुधार के कार्य कर रही है।
इस दौरान स्वस्थ विभाग सभापति नीलेश लुनिया, पार्षद हेमन्त बंजारे अंबेडकर वार्ड के पार्षद कुलेश सोनी जल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने में जुटे रहे। नगर निगम द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वर्षा ऋतु के दौरान भी शहर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो तथा नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!