विधायक ओंकार साहू ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर उठाए सवाल

धमतरी। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अपने कार्यकाल का उत्सव मना रही है, लेकिन देश की जनता आज भी महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए कि आम नागरिकों के जीवन में वास्तविक सुधार कितना हुआ है। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन युवाओं को रोजगार, किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य और आम जनता को महंगाई से राहत देने में अपेक्षित सफलता नहीं मिली। कांग्रेस लगातार यह मुद्दा उठाती रही है कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार की उपलब्धियों के साथ उसकी जवाबदेही भी महत्वपूर्ण होती है। देश की जनता अब केवल प्रचार नहीं बल्कि जमीनी विकास और जनहितकारी परिणाम देखना चाहती है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और किसानों, मजदूरों, युवाओं तथा गरीब वर्ग के हितों की लड़ाई लड़ती रहेगी। ओंकार साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने हमेशा जनकल्याण, सामाजिक न्याय और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करें। देश को केवल विज्ञापनों और प्रचार से नहीं, बल्कि रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की समृद्धि से आगे बढ़ाया जा सकता है।

