Uncategorized

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत धमतरी में स्वनिधि महोत्सव का भव्य आयोजन, पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया गया जोर

पीएम स्वनिधि योजना ने लाखों रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है-रामू रोहरा

धमतरी- प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम धमतरी के सभाकक्ष में स्वनिधि महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर जगदीश रामू रोहरा, निगम सभापति कौशिल्या देवांगन, एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदगण द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वित्तीय समावेशन, डिजिटल सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना था। इस अवसर पर हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना के लाभ, ऋण सुविधा, डिजिटल भुगतान के उपयोग एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित पीएम स्वनिधि योजना ने लाखों रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इस योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को बिना किसी परेशानी के ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से मजबूत बन रहे हैं। उन्होंने हितग्राहियों से योजना का अधिकाधिक लाभ लेने तथा डिजिटल लेन-देन को अपनाने का आह्वान किया।
सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना केवल ऋण प्रदान करने की योजना नहीं है, बल्कि यह छोटे व्यवसायियों को सम्मानजनक जीवन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजनों से हितग्राहियों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलती है और वे अपने अधिकारों एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक होते हैं।कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र रोहरा, विजय मोटवानी, निलेश लुनिया, उपायुक्त पी.सी. सार्वा, पार्षद मेघराज ठाकुर, राकेश चंदवानी, गजेंद्र कंवर, छोटू वर्मा सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में योजना के हितग्राही उपस्थित रहे।

स्वनिधि महोत्सव के दौरान हितग्राहियों को योजना की विभिन्न सुविधाओं, ऋण वितरण प्रक्रिया, डिजिटल भुगतान प्रणाली एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन हितग्राहियों के उज्ज्वल भविष्य एवं आर्थिक सशक्तिकरण की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!