Uncategorized

ग्रेच्युटी राशि के भुगतान के एवज मे मांगी एक लाख की रिश्वत, एसीबी ने विधुत यांत्रिकी विभाग के कर्मचारी को किया रंगे हाथ गिरफ्तार

धमतरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने बुधवार को एक कर्मचारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ कर्मचारी (प्रोग्रेस मेन)लकेश साहू, जिन्हें विभागीय स्तर पर लिपिकीय कार्यों की भी जिम्मेदारी दी गई थी, पर ग्रेच्युटी राशि भुगतान के एक मामले में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता गुमान सिंह ने एसीबी से शिकायत की थी कि ग्रेच्यूटी राशि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में उससे एक लाख रुपये की मांग की गई थी।शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को आरोपी कर्मचारी के संपर्क में भेजा गया। बताया गया कि आरोपी ने अपने कर्मा नगर स्थित निजी निवास में रिश्वत की रकम लेने के लिए बुलाया था।जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से 50-50 हजार रुपये के दो गड्डी, कुल एक लाख रुपये बरामद किए गए।
कार्रवाई के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए रेस्ट हाउस लाया गया, जहां एसीबी अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।
एसीबी की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही सिंचाई विभाग तथा विद्युत यांत्रिकी विभाग में हड़कंप मच गया। कर्मचारी और अधिकारी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा करते रहे।
एसीबी टीम को लीड कर रहे निरीक्षक मनीष तंबोली ने बताया कि कर्मचारी लकेश्वर साहू ने संतोष सोनकर के ग्रेच्युटी राशि भुगतान के लिए उनके बेटे गुमान सिंह से एक लाख रुपए की मांग की थी। जिसे आज रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। आगे की कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!