दो महिलाओं से चैन स्नेचिंग, फिर पीछा कर पांच आरोपी महिलाओं को रोककर वापस लिया चैन
पहले खींच चुके थे सोने का चैन, दूसरे बार में आर्टिफिशियल चैन खींचने के दौरान हरकत आई पकड़ में
दोनो जागरुक महिलाओं ने पुलिस को दी सूचना

धमतरी। आज शहर के मुख्य मार्ग पर दो महिलाओं के साथ चैन स्नेचिंग की वारदात हुई। हालांकि महिलाओं की सूझबूझ से उन्हें चैन वापस मिल गई। लेकिन इससे एक बार फिर अपराधिक प्रवृत्ति के लोगो के बुलंद हौसलों की चर्चा होने लगी है।
मिली जानकारी के अनुसार आज खरेंगा की पूर्व सरंपच अमरीका ध्रुव व गांव के ही देवंतीन साहू आटो से सुबह लगभग साढ़े 11 बजे धमतरी बस स्टैण्ड पहुंचे और बस स्टैण्ड पहुंचने पर और पांच महिलाएं आटो में सवार हुई जिसके पश्चात अमरीका ध्रुव देवंतीन साहू रायपुर रोड स्थित युनियन बैंक पहुंचे तभी अमरीका ध्रुव को गले से चैन खींचने का अहसास हुआ तभी देवंतीन साहू को उनके गले से लगभग 6-7 ग्राम के सोने का मंगलसूत्र गायब होने का भी अहसास हुआ। तब तक पांचो महिलाएं आटो से आगे बढ़ चुकी थी। जिस पर उन्होने तत्परता दिखाते हुए एक अन्य आटो में सवार होकर जो महिलाओं आटो में आगे बढ़ गई थी उनका पीछा किया और उन्हें रोका। महिलाओं से चैन वापस करने की मांग करने लगे। इस दौरान कई और लोग भी जमा हो गए। जिससे हड़बड़ाए महिलाओं ने चैन वापस किया और आटो में आगे रायपुर रोड की ओर निकल पड़े। इसके पश्चात महिलाओं ने राहत की सांस ली। फिर पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर सायबर टीम प्रार्थी महिलाओं से आरोपी महिलाओं के हुलिए आदि की जानकारी लेकर पेट्रोलिंग हेतु रवाना हुई। चर्चा के दौरान बताया कि आरोपी महिलाओं ने देवंतीन के सोने के चेन पहले ही खींच लिया, फिर अमरीका के गले का चैन भी सोने का समझकर खींचा था। लेकिन उनका आर्टीफिशियल चैन था। और इसी दौरान महिलाओं की हरकत पकड़ी गई। चैन वापस मिलने के बाद भी पुलिस को सूचना देने की जवाब में उन्होने कहा कि ऐसे लुटेरे व अपराधिक किस्म के महिलाएं किसी अन्य के साथ ही इस प्रकार के वारदात कर सकते है। इसलिए आगे इसी प्रकार की वारदात को रोकने के उद्देश्य से पुलिस को सूचना दी है।