ड्राईवरों के हितों की सुरक्षा व श्रम कानूनों के पालन सहित कई मांगो को लेकर छत्तीसगढ़ ड्रायवर महासंगठन ने सौंपा ज्ञापन

धमतरी । जिले में कार्यरत वाहन चालकों (ड्राईवरों) के हितों की सुरक्षा एवं श्रम कानूनों के पालन सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आज छत्तीसगढ़ ड्रायवर महासंगठन कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख है कि जिला धमतरी सहित सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ प्रदेश में अनेक औद्यौगिक इकाइयों, फैक्ट्रियां, राइस मिलें. खदानें, ट्रांसपोर्ट कंपनियां एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं, जिनमें बड़ी संख्या में वाहन चालक (ड्राईवर) कार्यरत हैं। ड्रायवरो के समक्ष कई समस्याएं आती है। जिनमें वाहन चालकों का वेतन / पारिश्रमिक कई-कई महीनों तक रोकना, बिना किसी पूर्व सूचना या वैध कारण के ड्राईवर को नौकरी से निकाल देना, अधिकांश चालकों को नियुक्ति पत्र अथवा प्राधिकरण पत्र प्रदान नहीं किया जाना, कई प्रतिष्ठानों में ड्राईवरों का उपस्थिति रजिस्टर, सेवा अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का संधारण नहीं किया जाना, दुर्घटना की स्थिति में अनेक वाहन मालिक एवं प्रतिष्ठान ड्राईवरों के उपचार, मुआवजा एवं अन्य दायित्वों से बचने का प्रयास करना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, बीमा सुविधा, ईएसआईसी, पीएफ एवं अन्य श्रमिक हितलाभों का लाभ अधिकांश चालकों को नहीं दिया जाना, कार्य की अवधि, वेतनमान एवं सेवा शर्तों का कोई स्पष्ट लिखित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया जाना, कई मामलों में ड्राईवरों से अत्याधिक कार्य लिया जाना शामिल है। ड्रायवरों ने कई मांग प्रशासन के समक्ष रखी है जिनमें जिले में संचालित सभी ट्रांसपोर्ट कंपनियों, फैक्ट्रियों, राइस मिलों एवं अन्य प्रतिष्ठानो का विशेष निरीक्षण कराया जाए। सभी वाहन चालकों को नियुक्ति पत्र, पहचान पत्र एवं सेवा संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रदान करना अनिवार्य किया जाए। पात्र ड्राईवरों को ईएसआईसी, पीएफ एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाए। वाहन चालकों के वेतन भुगतान एवं श्रम कानूनों के पालन की नियमित निगरानी की जाए। दुर्घटना की सिीति में वाहन मालिक एवं नियोजक द्वारा उपचार, बीमा एवं वैधनिक सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। श्रमिक शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु जिला स्तर पर विशेष व्यवस्था अथवा हेल्प डेस्क स्थापित करने पर विचार किया जाए। श्रम कानूनों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए आदि शामिल है। इसके अतिरिक्त ड्राईवर आयोग का गठन, ड्राईवर वेलफेयर बोर्ड का गठन, ड्राईवर दिवस घोषित किया जाना, ड्राईवर सुरक्षा कानून बनाया जाना, स्व. ताम्रध्वज साहू की मृत्यु की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच व राहत राशि प्रदान करना आदि मांग शामिल है। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश मंत्री व जिला अध्यक्ष अनुप मानिकपुरी, जिला संरक्षक रोशन लाल साहू, जिला प्रभारी महेश मंडावी, जिला संगठन मंत्री कन्हैया साहू, जिला महामंत्री बलदेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में ड्रायवर मौजूद रहे।