Uncategorized

ग्राम पोटियाडीह में शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण, विधायक ओंकार साहू ने वीरांगना रानी दुर्गावती को दी श्रद्धांजलि

धमतरी – विधायक ओंकार साहू ने मंगलवार को ग्राम पोटियाडीह में नवनिर्मित सार्वजनिक शेड निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शेड के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के पश्चात विधायक श्री साहू ने वीरांगना रानी दुर्गावती के शहादत दिवस पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने धमतरी स्थित दुर्गावती चौक पहुंचकर रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके अदम्य साहस, त्याग एवं बलिदान को नमन किया। इसके अलावा उन्होंने ग्राम डोमा एवं ग्राम करेठा में आयोजित शहादत दिवस कार्यक्रमों में भी सहभागिता कर समाजजनों के साथ वीरांगना रानी दुर्गावती को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू ने कहा कि रानी दुर्गावती भारतीय इतिहास की अमर वीरांगना थीं, जिनका जीवन साहस, स्वाभिमान, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अपने अद्वितीय पराक्रम और वीरता से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी तथा नारी शक्ति के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका बलिदान आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने कहा कि समाज को रानी दुर्गावती के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों ने भी वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन एवं योगदान को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!