व्यापारी की चाकू से हमला कर जघन्य हत्या, नगदी की भी लूट
साथी पर मिर्ची पाउडर फेंका, भाग कर बचाई जान

नगरी-गरियाबंद मार्ग पर शनिवार देर शाम की घटना
मिली जानकारी के अनुसार, विपलभ मंडल (लगभग 55 वर्ष) पिता मनोरंजन मंडल, मूल निवासी कोलकाता, पिछले लगभग 7-8 वर्षों से ग्राम बोईरगांव दर्रीपारा, जिला गरियाबंद थाना मैनपुर में रह रहा था। वह चुम्मन यादव पिता कार्तिक यादव के साथ नगरी में मछली व्यवसाय करते थे। इनका सिहावा रोड नगरी में एमएम फिश नाम से दुकान संचालित है और दोनों का रोजाना इसी मार्ग से आना-जाना होता था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को दुकान बंद कर दोनों नगरी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गोरेगांव से लगभग 3 किलोमीटर आगे गरियाबंद रोड पर कुछ लोगों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले विपलभ मंडल के सिर पर लकड़ी से हमला किया, वहीं उनके साथी चुम्मन यादव की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे वह जान बचाकर बोईरगांव की ओर भाग निकला। हमलावरों ने विपलभ मंडल पर चाकू जैसे धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान बताए जा रहे हैं। घायल विपलभ मंडल को नगरी अस्पताल ले जाया गया जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।