विंध्यवासिनी वार्ड में पार्षद अखिलेश सोनकर ने बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ

धमतरी। विंध्यवासिनी वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत वार्ड पार्षद व निगम जल विभाग अध्यक्ष अखिलेश सोनकर ने छोटे बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पार्षद अखिलेश सोनकर ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक अभिभावक को अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे तथा अपने आसपास के परिवारों को भी इसके लिए जागरूक करें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी अभिभावकों को अभियान की जानकारी देते हुए सभी बच्चों को समय पर पोलियो की दवा पिलाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में वार्डवासी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

