भाजपा महिला मोर्चा में डॉ. बीथिका विश्वास को मिला बड़ा संगठनात्मक दायित्व, बनीं रायपुर शहर प्रभारी
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त बनाने पर रहेगा फोकस

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा संगठनात्मक विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। इसी क्रम में भाजपा की सक्रिय नेत्री डॉ. बीथिका विश्वास को रायपुर शहर प्रभारी का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। बता दे कि डॉ विश्वास पूर्व में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रह चुकी है। इसके अतिरिक्त बेटी बचाव बेटी पढ़ाव की जिला संयोजक है व भाजपा महिला प्रदेश कार्यकारिणी में भी शामिल है।
डॉ. बीथिका विश्वास लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी एवं महिला मोर्चा के विभिन्न संगठनात्मक और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके सतत प्रयासों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। रायपुर शहर प्रभारी के रूप में डॉ. बीथिका विश्वास अब महिला मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन, बूथ एवं मंडल स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोडऩे, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार विभिन्न अभियानों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाएंगी। आगामी चुनावी एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नियुक्ति के बाद डॉ. बीथिका विश्वास ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, महिला मोर्चा के प्रदेश नेतृत्व तथा वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। डॉ. बीथिका विश्वास की नियुक्ति पर भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
संगठन की विचारधारा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ पार्टी को करेंगे और अधिक सशक्त -डॉ. बीथिका विश्वास
डॉ. बीथिका विश्वास ने कहा कि संगठन की विचारधारा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर महिला मोर्चा की प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ मिलकर रायपुर शहर में संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सक्रिय कार्यशैली से रायपुर शहर में महिला मोर्चा का संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा महिलाओं की भागीदारी एवं जनसंपर्क गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
पश्चिम बंगाल चुनाव में करती रही पार्टी का झंडा बुलंद
हाल ही में सम्पन्न हुए पश्चिम बंगाल चुनाव में डा. बीथिका विश्वास ने प्रचार-प्रसार की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वे प्रदेश के चुनिंदा ऐसे भाजपा कार्यकर्ता रहे जो पूरे बंगाल चुनाव में छत्तीसगढ़ भाजपा से पार्टी का झंडा बुलंद करते रहे। इसके पश्चात जब बंगाल में भाजपा को एतिहासिक जीत मिली तब डॉ विश्वास के धमतरी आगमन पर उनका भाजपाईयों द्वारा भव्य स्वागत भी किया गया था। पार्टी के प्रति उनके समर्पण, सक्रियता नेतृत्व क्षमताओं को देखते हुए उन्हें रायपुर जैसे प्रदेश के केन्द्र में महिला मोर्चा का प्रभारी बनाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।