बालक चौक का नाला निर्माण पूर्ण होने से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव से मिलेगी राहत – विजय मोटवानी
निर्माणाधीन नाला तथा आमापारा वार्ड की जल निकासी व्यवस्था का जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने लिया जायजा

धमतरी। नगर निगम के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने बालक चौक में निर्माणाधीन नाला तथा आमापारा वार्ड की जल निकासी व्यवस्था का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अध्यक्ष विजय मोटवानी, स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष नीलेश लूनिया, वरिष्ठ पार्षद हेमंत बंजारे, नगर निगम के सहायक अभियंता मयंक राठौड़, वार्ड इंजीनियर नमिता नागवंशी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने निर्माणाधीन नाले की प्रगति, उसकी गुणवत्ता, गहराई, चौड़ाई तथा तकनीकी मानकों का बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही आमापारा वार्ड के विभिन्न हिस्सों में जल निकासी की मौजूदा व्यवस्था का भी निरीक्षण कर संभावित समस्याओं पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बरसात के मौसम में शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि नालों में पानी का प्रवाह निर्बाध बना रहे और कहीं भी अवरोध की स्थिति न बने। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए। पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। बालक चौक का नाला निर्माण पूर्ण होने से आसपास के क्षेत्रों में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, इसके लिए नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमापारा वार्ड सहित जिन क्षेत्रों में जल निकासी की समस्या सामने आ रही है, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है और बारिश के मौसम में किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

