नकटी के 85 घरों की तोडफ़ोड़ के विरोध में जिला कांग्रेस ने किया मुख्यमंत्री का पुतला दहन
गरीबों के आशियाने पर बुलडोजर चलाना साय सरकार की असंवेदनशीलता व अमानवता का है प्रमाण- तारिणी चन्द्राकर
राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने की गई मांग

धमतरी। ग्राम नकटी में 85 परिवारों के घरों पर की गई कथित तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी द्वारा गांधी मैदान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन किया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बरसात के मौसम में परिवारों को बेघर किए जाने से ग्रामीणों के सामने गंभीर मानवीय संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन के माध्यम से प्रभावित ग्रामीणों को न्याय दिलाने और कथित कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराने की बात कही है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारिणी नीलम चन्द्राकर ने कहा कि ग्राम नकटी में प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई से 85 परिवार प्रभावित हुए हैं। वर्षाकाल के दौरान लोगों के घरों को तोड़े जाने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होने इसे जनविरोधी निर्णय बताते हुए राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मुआवजा और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने की मांग की है। तारिणी चन्द्राकर ने आगे कहा कि सरकार संवेदनहीन हो चुकी है। गरीबों की पीड़ा सरकार को दिखाई नहीं दे रही है। कांग्रेस हमेशा से गरीबों के साथ खड़ी रही है और इस तोडफ़ोड़ व गरीबों के आशियाने को छिनने के विरोध में भी गरीबों के साथ कांग्रेस खड़ी है। सड़क से लेकर सदन गरीबों के हितो के लिए लड़ाई लड़ी जाएगी। सरकार द्वारा बलपूर्वक की गई कार्रवाई पूरी तरह अनुचित है। जनता भाजपा सरकार की नीतियों से पहले से त्रस्त है उस पर गरीबों के सिर से छत छिनना प्रदेश में तानाशाही की गवाह है। पुतला दहन के दौरान विधायक ओंकार साहू, अरविंद दोशी, कविता बाबर, आनंद पवार, आकाश गोलछा, गौतम वाधवानी, योगेश शर्मा, राजेश पाण्डेय, सूर्याप्रभा चेटियार, शास्त्री सोनवानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।


