राष्ट्रीय संत सुरक्षा मिशन की मिली बड़ी जिम्मेदारी : जानकी वल्लभ तीर्थ जी महाराज बने राष्ट्रीय संयोजक

धमतरी। परम् पूज्य जानकी वल्लभ तीर्थ जी महाराज को संत सुरक्षा मिशन राष्ट्रीय इच्छा पूर्ति दर्शन यात्रा का राष्ट्रीय संयोजक मनोनीत किया गया है। उनका यह मनोनयन मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी राजेन्द्र देव जी महाराज द्वारा किया गया। राष्ट्रीय संयोजक के रूप में जानकी वल्लभ तीर्थ जी महाराज मिशन के सिद्धांतों का देशभर में प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही संत-महात्माओं, विभिन्न अखाड़ों एवं धार्मिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर मिशन की गतिविधियों को सशक्त बनाएंगे। उनके दायित्वों में राष्ट्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करना भी शामिल रहेगा। मिशन का प्रमुख उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक जागरण, मानव एकता, सामाजिक सद्भाव तथा नैतिक मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है। इसके साथ ही धार्मिक एवं आध्यात्मिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर राष्ट्रहित एवं समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाना भी मिशन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर परम् पूज्य जानकी वल्लभ तीर्थ जी महाराज ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे मिशन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने, संत समाज को एक सूत्र में जोडऩे तथा देशभर में आध्यात्मिक जागरण, सामाजिक समरसता, मानव एकता और नैतिक मूल्यों के प्रसार के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी राजेन्द्र देव जी महाराज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। इस मनोनयन पर संत समाज, मिशन के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जानकी वल्लभ तीर्थ जी महाराज के नेतृत्व में मिशन को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा और व्यापक विस्तार मिलेगा।
