पं. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए कर दिया समर्पित
जयंती पर महापौर रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, जिला भाजपा महामंत्री महेन्द्र पंडित ने किया नमन, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को किया याद

धमतरी। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं महान शिक्षाविद् पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण कर रहे। इस अवसर पर पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री व वर्तमान धमतरी नगर निगम महापौर रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, जिला भाजपा महामंत्री महेन्द्र पंडित ने कहा कि पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक गौरव को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने देश में राष्ट्रवाद की मजबूत नींव रखी और भारतीय जनसंघ की स्थापना कर वैचारिक राजनीति को नई दिशा प्रदान की। उनका प्रसिद्ध विचार एक देश में दो विधान, दो निशान और दो प्रधान नहीं चलेंगे आज भी देशवासियों के लिए राष्ट्रीय एकता का प्रेरणास्रोत है।
नेताओं ने कहा कि पंडित मुखर्जी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, शिक्षा के विकास और राष्ट्रीय हितों के लिए सदैव संघर्ष किया। उनका त्याग, समर्पण और राष्ट्र प्रथम का संदेश प्रत्येक भारतीय, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भाजपा नेताओं ने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत के निर्माण का संकल्प पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरित होकर आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता उनके विचारों को साकार करने का कार्य कर रही हैं। पूर्व भाजपा प्रदेश महामंत्री व वर्तमान धमतरी नगर निगम महापौर रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, जिला भाजपा महामंत्री महेन्द्र पंडित ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए राष्ट्र सेवा, संगठन की मजबूती और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें।
