लाइवलीहुड कॉलेज में वित्तीय साक्षरता (फाइनेंसियल लिटरेसी ) कार्यशाला का आयोजन

धमतरी। जिला कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा सहायक संचालक, कौशल विकास शैलेन्द्र गुप्ता के निर्देशन में लाइवलीहुड कॉलेज, धमतरी में वित्तीय साक्षरता (फाइनेंसियल लिटरेसी ) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के सफल आयोजन में लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य एस.के. गोननाडे का विशेष सहयोग रहा।
कार्यशाला का संचालन पंकज कुशवाहा (टीम – एंजेल वन) द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को धन प्रबंधन, बजट, बचत, आपातकालीन निधि,चक्रवृद्धि , महँगाई , म्यूचुअल फंड, शेयर बाज़ार, निवेश तथा वित्तीय अनुशासन जैसे विषयों की सरल एवं व्यवहारिक जानकारी दी गई। साथ ही निवेश से पूर्व सही जानकारी प्राप्त करने और सोच-समझकर वित्तीय निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर पंकज कुशवाहा ने कहा कि “वित्तीय साक्षरता ही आर्थिक स्वतंत्रता का आधार है।बताया कि केवल आय अर्जित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही प्रबंधन, नियमित बचत और दीर्घकालीन निवेश ही आर्थिक समृद्धि का वास्तविक मार्ग है। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे तथा वित्तीय योजना एवं निवेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम में टीम के सदस्य तरुण धुर्वे, कविता वर्मा एवं वेदप्रकाश देवांगन भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।अंत में पंकज कुशवाहा ने बताया कि उनका उद्देश्य विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, किसानों एवं आम नागरिकों तक वित्तीय साक्षरता पहुँचाकर उन्हें आर्थिक रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई विद्यालय, महाविद्यालय, शासकीय विभाग, औद्योगिक इकाई, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्था, महिला समूह, युवा मंडल अथवा अन्य कोई संस्था अपने यहाँ निःशुल्क वित्तीय साक्षरता कार्यशाला आयोजित कराना चाहती है, तो वे मोबाइल नंबर 9893627377 पर संपर्क कर सकते हैं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वित्तीय साक्षरता को जन-जन तक पहुँचाकर आर्थिक रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।


