सड़क चौड़ीकरण व निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा स्मरण पत्र

धमतरी- ग्राम मोखा (मड़ाईभाठा) के ग्रामीणों ने सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग को लेकर कलेक्टर धमतरी को स्मरण पत्र सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में 24 दिसंबर 2025 को जनदर्शन में आवेदन (टोकन क्रमांक 2130625004354) प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है।
स्मरण पत्र में कहा गया है कि वर्तमान में सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। बरसात के मौसम में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से स्कूली छात्र-छात्राओं, ग्रामीणों तथा राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के समय पर गांव तक नहीं पहुंच पाने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति देकर तत्काल शुरू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
इस दौरान जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रवीण साहू विकास साहू आयुष हिरवानी इन्द्रेश साहू नागेश नाग सोनू साहू ग्रामीण विकास समिति के अध्यक्ष एवं ग्राम के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

