Uncategorized

परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी म. सा. के भव्य मंगल प्रवेश के साथ धमतरी में होगा चातुर्मास का शुभारंभ, धर्ममय होगा शहर का वातावरण

23 जुलाई को श्री आदिश्वर जिनालय से होगा भव्य मंगल प्रवेश


धमतरी। जैन समाज के सबसे महत्वपूर्ण आध्यात्मिक आयोजनों में शामिल चातुर्मास पर्व को लेकर धमतरी में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहर में धर्म, साधना, तप और आराधना के इस महापर्व की शुरुआत 23 जुलाई गुरुवार को परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी म. सा. आदि ठाणा-4 के भव्य मंगल प्रवेश के साथ होगी। इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में गुरु भगवंत की अगवानी करेंगे। परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी महाराज सा. कैवल्यधाम तीर्थ प्रेरिका प्रवर्तिनी महोदया परम पूज्य निपुणा श्री जी म.सा. की सुशिष्या तथा संघ स्नेह वारिधि, प्रवचन प्रवीणा परम पूज्य स्नेहयशा श्री जी म.सा. की सुशिष्या हैं। उनके धमतरी आगमन को जैन समाज अत्यंत सौभाग्य का विषय मान रहा है। उनके सान्निध्य में पूरे चातुर्मास के दौरान प्रवचन, धर्मसभा, स्वाध्याय, तप, आराधना एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे समाज के साथ-साथ आम नागरिक भी आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकेंगे। मंगल प्रवेश यात्रा प्रात: 8 बजे गोल बाजार स्थित श्री आदिश्वर जिनालय से प्रारंभ होगी। इसके बाद श्रद्धालुओं की उपस्थिति में गुरु भगवंत का नगर में भव्य स्वागत किया जाएगा। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संघ के अध्यक्ष विजय गोलछा व चातुर्मास व्यवस्था समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र गोलछा ने कहा कि चातुर्मास केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, संयम, तप और आध्यात्मिक जागरण का महापर्व है। उन्होंने कहा कि परम पूज्य रत्ननिधि श्री जी महाराज सा. का धमतरी आगमन पूरे समाज के लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव का विषय है। उनके पावन सान्निध्य में समाज के लोगों को धर्म, संस्कार और सदाचार का अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त होगा। श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ, धमतरी एवं श्री चातुर्मास व्यवस्था समिति, धमतरी ने सभी समाजजनों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने और पूरे चातुर्मास के दौरान आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में नियमित सहभागिता निभाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!