बोर्ड परीक्षा परिणाम, बुनियादी अधिगम और विद्यालय संचालन की हुई समीक्षा, आवश्यक सुधार के दिए गए निर्देश
आकस्मिक निरीक्षण में शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर

धमतरी। जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी एवं सहायक संचालकों द्वारा जिले के विभिन्न शासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर, बोर्ड परीक्षा की तैयारी, अनुशासन एवं विद्यालय संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान नूतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम), धमतरी, शासकीय माध्यमिक शाला भोयना, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कुकरेल तथा शासकीय माध्यमिक शाला सियादेही का निरीक्षण किया गया। शासकीय माध्यमिक शाला भोयना के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के बुनियादी अधिगम स्तर पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता महसूस की गई। कक्षा 6वीं से 8वीं तक के अनेक विद्यार्थियों को 25 तक के पहाड़े याद नहीं होने तथा अंग्रेजी विषय में धाराप्रवाह संवाद करने में कठिनाई पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शिक्षकों को नियमित अभ्यास, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा दैनिक मूल्यांकन के माध्यम से अधिगम स्तर में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों को संस्कृत वंदना का समुचित ज्ञान नहीं होने पर संबंधित संस्कृत शिक्षक को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।