कपड़ा सुखाने के दौरान बिजली के खुले तार के सम्पर्क में आने से महिला की मौत

धमतरी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नवागांव वार्ड निवासी संगीता साहू पति रूपेश साहू सोमवार सुबह रोजमर्रा के कामकाज में व्यस्त थीं। स्नान करने के बाद वह घर के आंगन में कपड़े सुखाने पहुंचीं। जिस स्थान पर कपड़े सुखाने के लिए रस्सी बांधी गई थी, उसके ठीक पास से बिजली का खुला तार गुजरा था। संगीता ने जैसे ही गीला कपड़ा रस्सी पर डालने का प्रयास किया, कपड़ा बिजली के तार के संपर्क में आ गया और तेज करंट उनके शरीर में प्रवाहित हो गया। करंट लगते ही संगीता जोर से चीखी और मौके पर ही गिर पड़ी। आवाज सुनकर उनके पति रूपेश साहू तुरंत बाहर पहुंचे। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर लकड़ी की सहायता से बिजली के तार को अलग किया और पत्नी को करंट के प्रभाव से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और आसपास के लोगों की मदद से संगीता को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद संगीता को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बिजली के खुले तार के संपर्क में आने से हादसा होना सामने आया है।