एक पेड़ माँ के नाम अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृत्व के प्रति श्रद्धा का प्रतीक है – कीर्तन मीनपाल
मुजगहन विद्यालय में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत वृक्षारोपण सम्पन्न

धमतरी. ग्राम पंचायत मुजगहन के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में इको क्लब के तत्वावधान में एक पेड़ माँ के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आम, नीम, आँवला, जामुन तथा अन्य फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू, जनपद पंचायत सदस्य कीर्तन मीनपाल, शाला विकास समिति के अध्यक्ष नारायण सेन, प्राचार्य श्रीमती मोनिका गोस्वामी, शिक्षकगण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सरपंच होमेश्वर साहू ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जनपद पंचायत सदस्य कीर्तन मीनपाल ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान प्रकृति के प्रति सम्मान और मातृत्व के प्रति हमारी श्रद्धा का प्रतीक है।