पांच विशेष बच्चों की यूनिफॉर्म के लिए सार्थक स्कूल को मिला सहयोग
छोटा-सा सहयोग भी किसी बच्चे के भविष्य को संवार सकता है — श्रीमती कामिनी कौशिक

धमतरी। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए समर्पित सार्थक स्कूल, धमतरी में समाजसेवी एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित, साथ ही मंच संचालन के क्षेत्र में गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा चुकीं श्रीमती कामिनी कौशिक ने पाँच आर्थिक रूप से कमजोर विशेष बच्चों की स्कूल यूनिफॉर्म बनवाने हेतु सहयोग राशि प्रदान की। अपने जन्मदिन के अवसर पर श्रीमती कौशिक सार्थक पहुँचीं और विशेष बच्चों के साथ आत्मीय वातावरण में अपना जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उनके साथ लायनेस क्लब धमतरी की पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी श्रीमती ज्योति गुप्ता भी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर श्रीमती कौशिक ने कहा, सार्थक के बच्चों का स्नेह, अनुशासन, आत्मविश्वास और मुस्कान मेरे हृदय को छू गई। इन बच्चों के बीच बिताया गया समय मेरे जन्मदिन का सबसे सुंदर उपहार है। श्रीमती ज्योति गुप्ता ने कहा, सार्थक के बच्चे अपनी प्रतिभा, लगन और निरंतर प्रयास से समाज को प्रेरित कर रहे हैं। सार्थक की अध्यक्ष डॉ. सरिता दोशी ने दोनों समाजसेवियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सुभाष मालिक, प्रशिक्षक मैथिली गोड़े, देविका दीवान, कौशिल्या यादव, काजल रजक, सुनैना गोड़े एवं सविता शेख उपस्थित रहे।

