अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस पर उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के वनरक्षक राकेश मारकंडे को नई दिल्ली में मिला राष्ट्रीय सम्मान
वन्यजीव संरक्षण एवं शिकार-रोधी गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए एनटीसीए अवार्डस फॉर एक्सीलेंस-2026 हेतु चयन

धमतरी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के लिए गर्व की बात है कि यहां पदस्थ वनरक्षक राकेश मारकंडे का चयन एनटीसीए अवार्डस फॉर एक्सीलेंस 2026 के लिए किया गया है। यह सम्मान उन्हें वन्यजीव संरक्षण एवं शिकार-रोधी गतिविधियों के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया गया। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक , छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, छत्तीसगढ़ के टाइगर रिजर्व से प्राप्त नामांकनों की चयन समिति द्वारा जांच एवं मूल्यांकन के बाद राकेश मारकंडे का चयन किया गया है। पुरस्कार वितरण समारोह अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर आज नई दिल्ली में आयोजित हुआ। राकेश मारकंडे का यह सम्मान न केवल उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ वन विभाग के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। यह उपलब्धि वन्यजीव संरक्षण और बाघों की सुरक्षा में कार्यरत अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के समर्पण और उत्कृष्ट सेवा का राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान है।
