रिमझिम बारिश के बीच धमतरी से 85 किलोमीटर दूर ग्राम घटुला में सजी बाल चौपाल 2.0
जागरूक और सुरक्षित बच्चे ही विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव हैं - डॉ. वर्णिका शर्मा

धमतरी।छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा धमतरी से लगभग 85 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम घठुला के शासकीय हाईस्कूल में बाल चौपाल 2.0 का आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बीच आयोजित इस बाल चौपाल में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के समक्ष अपनी बातें रखीं और विभिन्न विषयों पर खुलकर संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को रोचक गतिविधियों और खेलों के माध्यम से उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। सांप-सीढ़ी के माध्यम से बच्चों ने बाल अधिकारों की जानकारी प्राप्त की और अच्छी आदतों को अपनाने तथा बुरी आदतों से दूर रहने का संदेश लिया। वहीं गुड टच–बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, शिक्षा का अधिकार एवं बाल सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी बच्चों ने खुलकर चर्चा की।इस अवसर पर आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि जागरूक और सुरक्षित बच्चे ही विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव हैं। प्रत्येक बच्चे को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा या गलत व्यवहार के खिलाफ बच्चों को निडर होकर आवाज उठानी चाहिए।उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत करने, डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी समस्या की जानकारी अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बाल चौपाल 2.0 के माध्यम से बच्चों में जागरूकता, आत्मविश्वास और बाल अधिकारों के प्रति समझ विकसित करने का सार्थक प्रयास किया गया।
